जीवनशैली स्‍वास्‍थ्‍य

बारिश के मौसम में जरूर करें इन 5 फलों का सेवन, बीमारियां रहेंगी कोसों दूर

नई दिल्ली।  अधिकतर लोगों को बरसात का मौसम बहुत ही अच्छा लगता है, लेकिन उन्हें इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि इस मौसम में बीमारियों का खतरा भी बहुत ज्यादा होता है। बारिश के दिनों में एलर्जी, संक्रमण और पाचन से जुड़ी समस्याएं तो आम हैं, इसके अलावा डेंगू और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियां भी इस मौसम में खूब परेशान करती हैं।

इसलिए बेहद ही सावधानी बरतने की जरूरत होती है और साथ ही पोषक तत्वों से भरपूर चीजें खाने की सलाह दी जाती है, जिससे शरीर का बीमारियों से पाला न पड़े। बीमारियों से बचने के लिए जिन पोषक तत्वों की जरूरत होती है, वो कुछ मौसमी फलों में भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। आइए जानते हैं बारिश के मौसम में शरीर को फायदा पहुंचाने वाले कुछ खास फलों के बारे में, जिनका सेवन जरूर करना चाहिए।

जामुन : जामुन पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसके बहुत से स्वास्थ्य लाभ हैं। यह पेट और लिवर के लिए तो अच्छा माना ही जाता है, साथ ही डायबिटीज, एनीमिया, गठिया और त्वचा में निखार लाने में भी लाभदायक होता है। इसके सेवन से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाने में मदद मिलती है। 


आलूबुखारा : आलूबुखारा में भरपूर मात्रा में पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं। इसके सेवन से शरीर मजबूत और ताकतवर बनता है और साथ ही यह विटामिन-सी से भरपूर होने के कारण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है। इसके नियमित सेवन से पाचन क्रिया भी ठीक रहती है। इसके अलावा आलूबुखारा डायबिटीज, हृदय, हड्डियों और आंखों के लिए फायदेमंद होता है। 

आड़ू : यह एक स्वादिष्ट और रसदार फल है, जिसमें विटामिन, खनिज और एंटी-ऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसके सेवन से भी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद मिलती है और साथ ही यह पाचन तंत्र, हृदय, आंखें और रक्तचाप को भी कम करने में भी लाभदायक होता है।

नाशपाती : नाशपाती एक लोकप्रिय फल है, जिसमें मौजूद खनिज, विटामिन स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभकारी होते हैं। इसके सेवन से प्रतिरक्षा तंत्र को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है। सामान्य सर्दी और फ्लू जैसी स्थितियों में इसे खाने की सलाह दी जाती है। यह हृदय रोगों को भी कम करने में सहायक है, साथ ही नाशपाती को पाचन तंत्र के लिए भी अच्छा माना जाता है।

अनार : अनार को स्वास्थ्य के लिए सबसे अधिक लाभदायक फलों में से एक माना जाता है। इसमें फाइबर के साथ-साथ विटामिन-बी, सी, के और आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस, पोटैशियम, फोलेट, मैंगनीज, सेलेनियम और जिंक जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। ये पाचन शक्ति को बेहतर करते हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाते हैं, जिससे तमाम तरह के रोगों से लड़ने में मदद मिलती है। 

Share:

Next Post

पंजाब पुलिस : दिल्ली में छापा मारकर चार अफगान नागरिकों को 17 किलो हेरोइन समेत पकड़ा

Tue Jul 6 , 2021
होशियारपुर। पंजाब पुलिस ने रविवार को एक और बड़े नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया। इस दौरान पुलिस ने दक्षिणी दिल्ली की एक निर्माण यूनिट से चार अफगान नागरिकों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 17 किलो हेरोइन बरामद की। इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 90 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पंजाब के […]