भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

26-27 नवंबर को हो सकता है युवक कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन

भोपाल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के बीच इंदौर जिले में एक दिन विश्राम करेंगे। 26 नवंबर को संविधान दिवस पर महू में या 27 नवंबर को इंदौर में वह रुकेंगे। यात्रा के बीच ही युवक कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन इंदौर में करने की तैयारी भी है, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल हो सकते हैं। हालांकि इसको लेकर खरगे और राहुल गांधी की अभी तक स्वीकृती नहीं मिल पाई है। यात्रा की व्यवस्थाएं देख रहे राहुल गांधी की टीम के सदस्य केसी बैजू को इसका प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है। राहुल की यात्रा को लेकर लगातार 3 अलग-अलग मार्ग कांग्रेस तय कर चुकी है। कांग्रेस की कोशिश है कि 26 नवंबर को यात्रा महू में ही रहे। अधिवेशन के दौरान युवक कांग्रेस द्वारा चलाए जाने वाले टैलेंट हंट प्रोग्राम यंग इंडिया के बोल-2022 के विजेताओं का सम्मान करने की भी तैयारी है।

मालवा-निमाड के साथ ही गुजरात की तैयारी
इंदौर में यात्रा को एक दिन का विश्राम देने के पीछे कांग्रेस की रणनीति मालवा-निमाड के साथ ही गुजरात की आदिवासी और दलित बाहुल्य सीटों पर वर्चस्व बनाने की है। कांग्रेस अपने आदिवासी वोटर्स को जोड़े रखने के लिए महू में आदिवासियों के बीच ज्यादा समय बीताने की कोशिश कर रही है।


एक दिन का हो सकता है विश्राम
जिस दिन भी ये आयोजन होगा उस दिन भारत जोड़ो यात्रा का विश्राम रहेगा। कार्यक्रम 26 को रखा जाए या 27 को इसको लेकर कांग्रेस जल्द निर्णय ले लेगी। जिसके बाद कार्यक्रम इंदौर में होगा या महू में ये तय हो जाएगा। 26 की तारीख तय होती है तो कार्यक्रम महू में होगा। 27 नवंबर की स्थिति में कार्यक्रम इंदौर में होगा।

संविधान की लड़ाई का आगाज महू से करेगी कांग्रेस
संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही भारत जोड़ों यात्रा 26 नवंबर को महू में रहेगी। 26 नवंबर को महू में संविधान दिवस पर महू में विशेष आयोजन की तैयारी की जा रही है। राहुल गांधी की यात्रा में इस दिन दलितों, आदिवासियों के साथ मिलकर कांग्रेस बड़ा कार्यक्रम करने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस, संविधान बचाने की लड़ाई का आगाज आंबेडकर स्मारक से करने की तैयारी कर रही है। 26 नवंबर को 73 वां संविधान दिवस है। इस दिन राहुल गांधी संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू में ही यात्रा के साथ रहेंगे।

Share:

Next Post

मध्यप्रदेश को 5,315 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात दी गडकरी ने

Tue Nov 8 , 2022
खराब सड़क पर माफी मांगी गडकरी ने, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री ने पुराने कॉन्ट्रैक्ट को सस्पेंड कर नया निकालने के लिए कहा जबलपुर/मंडला/भोपाल। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को मप्र को 5,315 करोड़ की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर प्रदेश में बनाई जा रही खराब सड़क […]