खेल

राष्ट्रीय जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप: छत्तीसगढ़ को हराकर क्वार्टर फाइनल में झारखंड

रांची। तमिलनाडु के कोविलपत्ती में आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप (12th Hockey India National Junior Men’s Hockey Championship) सोमवार को हॉकी झारखंड (Hockey Jharkhand) ने हॉकी छत्तीसगढ़ (Hockey Chhattisgarh) को 6-2 गोल पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। हॉकी झारखंड की यह छठी टीम है, जो इस वर्ष राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कवार्टर फाइनल में जगह बनाई है।


हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने बताया कि झारखंड टीम की ओर से लव लाइट कुजुर, प्रेम केरकेट्टा, कमल चिक बड़ाइक, असीम आईड, रितिक रोशन लकड़ा और अभिषेक गुड़िया ने एक-एक गोल किए। उन्होंने बताया कि 17 से 28 मई तक कोविलपत्ती में आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप में आज हॉकी झारखंड ने अपने तीसरे मैच में छत्तीसगढ़ हॉकी को 6-2 गोल से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

सोमवार को खेले गए अंतिम लीग मैच में हॉकी झारखंड के खिलाड़ियों मैच के नौंवे मिनट में पेनाल्टी कार्नर के द्वारा लव लाइट कुजूर के हाथों पहला गोल किया। 14वें मिनट में कमल चीक बड़ाईक ने एक फील्ड गोल कर टीम को पहले क्वार्टर में 2-0 से बढ़त दिलाई। 23वें मिनट में हॉकी छत्तीसगढ़ को मिले पेनाल्टी कॉर्नर को विष्णु यादव ने गोल में बदलकर झारखंड के बढ़त को कम करते हुए स्कोर 1-2 कर ली। लेकिन झारखंड के खिलाड़ी किसी भी परिस्थिति में अपने बढ़त को कम करने के मूड में नहीं थे और आक्रमक खेल जारी रखते हुए आज पूरे फॉर्म के खेल रहे झारखंड के प्रेम केरकेट्टा ने 28वें मिनट में एक शानदार फील्ड गोल कर हाफ टाइम तक 3-1 गोल से बढ़त ले ली।

हाफ टाइम के बाद छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने मैच के तीसरे क्वार्टर में जबरस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए 37वें मिनट में झारखंड के ऊपर गुमन साहू ने फील्ड गोल की और तीसरे क्वार्टर में झारखंड के खिलाड़ियों को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। लेकिन चौथे क्वार्टर के शुरूआत से ही झारखंड के खिलाड़ियों ने अलग रणनीति के साथ खेलते हुए इस क्वार्टर में लगातार तीन गोल किए। 46वें मिनट में झारखंड के असीम आइंद ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोल किया, जबकि 55वें मिनट में रितिक रोशन लकड़ा ने और 58वें मिनट में अभिषेक गुड़िया ने फील्ड गोल कर मैच में 6-2 गोल जीत दर्ज करते हुए इस प्रतियोगिता में झारखंड टीम को क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।

इससे पूर्व हॉकी झारखंड ने हॉकी गोवा को 10-0 से, हॉकी यूनिट ऑफ़ तमिलनाडु को 7-1 से पराजित कर चुकी है। उन्होंने बताया कि आज के मैच में अच्छा प्रदर्शन करने के साथ टीम की ओर से एक गोल करने झारखंड के प्रेम केरकेट्टा को बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। झारखंड टीम में विजय कुमार महतो, असीम आइंड, दीपक बारला, लव लाइट कुजुर, संदीप टोप्पो, रोहित बेसरा आदि शामिल हैं। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

अतीत बनते तालाब व बावड़ी बचाने के लिए बड़ी पहल

Tue May 24 , 2022
– सत्यवान ‘सौरभ’ गर्मियों में पूरे भारत में बड़े पैमाने पर जल संकट पैदा हो जाता है; इस समस्या को देखते हुए आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हरियाणा सरकार ने अपने गांवों में अस्तित्व खोते जा रहे तालाब एवं जोहड़ों को बचाने के लिए राज्य के जोहड़ तालाबों को अमृत सरोवर के रूप में […]