इंदौर न्यूज़ (Indore News)

गर्मी पर गफलत, विमानतल मौसम केंद्र पर 41.9 डिग्री, जबकि कृषि महाविद्यालय सहित सभी वेबसाइट पर 38 डिग्री तापमान

इंदौर। शहर में कल गर्मी के तीखे तेवर देखने को मिले, लेकिन गर्मी के आंकड़ों ने गर्मी से ज्यादा परेशान किया। विमानतल स्थित मौसम केंद्र (airport weather station) पर दिन का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री दर्ज किया गया। दावा किया जा रहा है कि यह कल देश का सबसे ज्यादा तापमान था, लेकिन इस बात पर आम लोगों से लेकर मौसम विभाग के कई अधिकारियों तक को संदेह है। शहर के दूसरे कोने में स्थित कृषि महाविद्यालय पर भी कल 38 डिग्री तापमान ही रहा और मौसम की जानकारी देने वाली सभी वेबसाइट भी कल शहर में 38 डिग्री तापमान ही बता रही थी। गर्मी पर इस गफलत को और भी ज्यादा बल इस बात से मिल रहा है कि मौसम विभाग भी यह जानकारी नहीं दे पा रहा है कि यह तापमान कब दर्ज किया गया।


विमानतल स्थित मौसम केंद्र (airport weather station) द्वारा जारी की गई जानकारी में बताया गया कि कल दिन का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और परसो की अपेक्षा 6.7 डिग्री ज्यादा था। इस सीजन में पहली बार तापमान इस स्तर पर पहुंचा है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा, लेकिन परसो रात से 0.1 डिग्री कम था। मौसम विभाग द्वारा जारी किए दिन के तापमान पर शुरुआत से ही आम लोगों से लेकर मौसम विशेषज्ञ भी हैरान है। क्योंकि कल शहर में गर्मी ज्यादा जरुर थी, लेकिन इतनी ज्यादा भी नहीं थी। वहीं दूसरी ओर कृषि महाविद्यालय पर कल अधिकतम तापमान 38 डिग्री रिकार्ड किया गया। इस तरह शहर के दो मौसम केंद्रों जिनकी दूरी करीब 11 किलोमीटर है में ही 4 डिग्री का बड़ा अंतर भी बड़ा सवाल है।

मौसम केंद्र को पता ही नहीं कब दर्ज हुआ तापमान

जब इस मामले में ‘अग्निबाण’ ने विमानतल स्थित मौसम केंद्र से संपर्क करते हुए जानने की कोशिश की कि अधिकतम तापमान कितने बजे रिकार्ड किया गया तो खुद अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी। मौसम केंद्र के प्रमुख एसपी गुप्ता ने कहा कि हमारे रिकार्ड में हर तीन घंटे में तापमान दर्ज किया जाता है। पारा अधिकतम स्तर पर कब पहुंचा, इसकी जानकारी नहीं है। उनकी इस बात पर भी संदेह इसलिए है, क्योंकि विमानतल मौसम केंद्र एयर ट्रैफिक कंट्रोल को हर आधे घंटे में विमानों की सुविधा के लिए तापमान और हवा की दिशा और गति की जानकारी देता है।

ढाई बजे भी 36 डिग्री और 5.30 बजे भी 36 डिग्री

विमानतल मौसम केंद्र ने हर तीन घंटे में दर्ज तापमान की जो जानकारी दी है, उससे संदेह को और बल मिलता है। अधिकारियों का कहना है कि अधिकतम तापमान दोपहर 2.30 से शाम 5.30 के बीच रिकार्ड किया गया, लेकिन दोपहर 2.30 बजे तापमान 36.8 डिग्री था और शाम 5.30 बजे 36.6 डिग्री था। इस तरह से अगर 2.30 के बाद तापमान 42 डिग्री के नजदीक पहुंच गया तो 5.30 तक इतनी जल्दी इतना नीचे कैसे आ गया।

आसपास के जिलों में भी तापमान कम

इंदौर के आंकड़े आने के बाद दावा किया गया कि इंदौर में कल देश में सर्वाधिक तापमान रिकार्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों की माने तो इंदौर में अगर इतना तापमान रहा तो आसपास के जिलों में भी इसके आसपास होना चाहिए, लेकिन गर्मी में रिकार्ड बनाने वाले निमाड़ के खंडवा में 36.5 डिग्री और खरगोन में 36.8 डिग्री, भोपाल में 38.7 डिग्री, धार में 39.2 डिग्री, उज्जैन में 38 डिग्री तापमान रहा।

सभी वेबसाइट भी बता रही 38 डिग्री तापमान

मौसम विभाग के साथ ही देश दुनिया में कई प्रमुख वेबसाइट्स भी बता रही है कि कल तापमान 38 डिग्री के आसपास ही था। इसमें वेदर, एक्यूवेदर सहित अन्य वेबसाइट शामिल हैं। इस तरह विमानतल मौसम केंद्र द्वारा जारी किए गए आंकड़ों पर और ज्यादा संदेह पैदा हो रहा है।

Share:

Next Post

10 साल में 10 बार जनसुनवाई में शिकायत फिर भी 62 लोगों को प्लॉट का इंतजार

Mon May 8 , 2023
इंदौर। कैलोदहाला स्थित सैटेलाइट जंक्शन कॉलोनी (Satellite Junction Colony) में 10 साल पहले प्लॉट खरीदने वालों को अब तक प्लॉट नहीं मिला है। वे 10 बार जनसुनवाई में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन प्लॉट (Plot) मिलना तो दूर अब तक मामले में केस तक दर्ज नहीं हो सका है। अब वे फिर कमिश्नर से मिले […]