खेल

अब एमएस धोनी अपने गृहनगर में करेंगे कड़कनाथ मुर्गो की फार्मिंग


भोपाल। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद महेंद्र सिंह धोनी रांची में मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में पाए जाने वाले कड़कनाथ के मुर्गे की फार्मिग करते नजर आए तो अचरज नहीं होना चाहिए, क्योंकि उन्होंने दो हजार चूजे खरीदने का ऑर्डर झाबुआ के आदिवासी किसान को दिया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, महेंद्र सिंह धोनी अपने गृहनगर रांची में कड़कनाथ के मुर्गो की फार्मिंग करने का मन बनाया है। धोनी ने यह चूजे खरीदने के लिए झाबुआ के आदिवासी किसान विनोद मेंड़ा को अग्रिम भुगतान के साथ दो हजार चूजे 15 दिसंबर तक रांची भेजने का ऑर्डर दिया है।

झाबुआ के कड़कनाथ मुर्गा अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. आईएस तोमर ने संवाददाताओं को बताया है कि धोनी ने अपने मित्रों के जरिए संपर्क साधा था, लेकिन केंद्र में समय पर चूजे नहीं थे, इसलिए उन्हें झाबुआ के थांदला के आदिवासी किसान से संपर्क करने को कहा गया, जो कड़कनाथ मुर्गे की फार्मिंग करते हैं।

ज्ञात हो कि कड़कनाथ मुर्गा मध्यप्रदेश के झाबुआ की पहचान है और भारत सरकार से कड़कनाथ को जीआई टैग भी मिल चुका है। यह मुर्गा काले रंग का, काले खून, काली हड्डी और काले मांस के साथ लजीज स्वाद के लिए पहचाना जाता है। यह मुर्गा फैट और कोलेस्ट्रोल-फ्री भी होता है।

चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के कप्‍तान एमएस धोनी के बारे में कयास लगाए जा रहे थे कि आईपीएल 2020 उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा। हालांकि, चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के आखिरी लीग मैच में एमएस धोनी ने दो शब्‍दों से बयां कर दिया कि वह अगले साल भी इस फ्रेंचाइजी का नेतृत्‍व करते हुए नजर आएंगे। सीएसके के आखिरी लीग मैच में कमेंटेटर ने धोनी से पूछा था कि क्‍या येलो जर्सी में ये आपका आखिरी मुकाबला है, जिस पर एमएस ने कहा कि डेफिनेटली नॉट (बिलकुल नहीं)।

बता दें कि आईपीएल 2020 में चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स का प्रदर्शन बेहद लचर रहा था। एमएस धोनी की टीम का सफर लीग चरण में ही समाप्‍त हो गया था। आईपीएल इतिहास में पहला मौका था जब चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स प्‍लेऑफ में जगह नहीं बना सकी थी। धोनी का भी बल्‍ले से प्रदर्शन अच्‍छा नहीं रहा था। क्रिकेट से लंबे ब्रेक का असर उनकी बल्‍लेबाजी पर नजर आ रहा था। हालांकि, फैंस को उम्‍मीद है कि अगले साल थलाईवा दमदार प्रदर्शन करके टीम को चैंपियन बनाकर मैदान से यादगार विदाई लेंगे।

 

Share:

Next Post

छत्‍तीसगढ़ में फर्जी जाति प्रमाण पत्र वाले शासकीय सेवक होंगे बर्खास्त

Fri Nov 13 , 2020
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन में फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर कार्यरत शासकीय सेवकों को सेवा से बर्खास्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ऐसे फर्जी, गलत जाति प्रमाण पत्र धारी छत्‍तीसगढ़ में फर्जी जाति प्रमाण पत्र वाले शासकीय सेवक होंगे बर्खास्त शासकीय सेवकों को जिन्हें न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त नहीं है, उन्हें सेवा […]