img-fluid

अनंत सिंह की बेटी की शादी में बनेंगे 20 लाख रसगुल्ले, 15 टैंकर दूध आया, पाइप से हो रही सप्लाई

November 23, 2026

पटना: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह (Mokama MLA Anant Singh) की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों खूब चर्चा में है. शादी में मेहमानों की संख्या से लेकर खाने-पीने के इंतजाम तक हर चीज खास है. इस शाही शादी में करीब चार लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा तरह के व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं, लेकिन इन सभी तैयारियों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा रसगुल्लों की हो रही है. बताया जा रहा कि शादी में मेहमानों को परोसने के लिए 20 लाख से ज्यादा रसगुल्ले बनाए जा रहे हैं. इतनी बड़ी संख्या में मिठाई तैयार करने के लिए दूध की भी भारी मात्रा में जरूरत पड़ रही है.

20 लाख रसगुल्लों के लिए मंगाया गया दूध
शिवांगी सिंह की शादी में मिठाई बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी की गई है. रसगुल्ले बनाने के लिए 15 टैंकर दूध मंगाया गया है. दूध की इतनी बड़ी खेप को आयोजन स्थल तक पहुंचाना भी अपने आप में बड़ी व्यवस्था है. दूध की सप्लाई के लिए पाइप का इस्तेमाल किया जा रहा है. बताया जा रहा कि पानी की सप्लाई में इस्तेमाल होने वाले पाइप के जरिए दूध को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाया जा रहा है. इतनी बड़ी मात्रा में दूध और लाखों रसगुल्लों की तैयारी ने इस शादी को और खास बना दिया है.


  • 4 लाख मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा पकवान
    अनंत सिंह की बेटी की शादी में करीब 4 लाख मेहमानों के भोजन का इंतजाम किया गया है. इसके लिए बड़े स्तर पर रसोई तैयार की गई हैं. मेहमानों को 150 से ज्यादा तरह के पकवान परोसे जाएंगे. आयोजन के लिए करीब 25 बीघे जमीन पर अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं. इसमें पांच बीघे में भोजन की व्यवस्था, दस बीघे में फिल्मी दुनिया से जुड़े कार्यक्रम और पांच बीघे में शादी का मंडप तैयार किया गया है. इतने बड़े आयोजन को संभालने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं.

    बारिश ने बढ़ाई थी मुश्किल, अब मौसम साफ
    शादी की तैयारियों के बीच लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश ने आयोजकों की चिंता बढ़ा दी थी. आयोजन स्थल पर पानी और कीचड़ जमा होने से घुड़दौड़ और हेलीकॉप्टर से मेहमानों के आने की व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे थे. हालांकि सोमवार को मौसम साफ होने और धूप निकलने के बाद आयोजन की तैयारियों ने फिर रफ्तार पकड़ ली है. अनंत सिंह ने भी साफ कर दिया है कि शादी के कार्यक्रम तय योजना के मुताबिक ही होंगे.

    25 नवंबर को बेटी की शादी, बेटे का जनेऊ भी
    अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदवां में ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के साथ होनी है. 20 नवंबर को तिलक और फलदान की रस्म पूरी हो चुकी है. 23 नवंबर को हल्दी और 24 नवंबर को मेहंदी व संगीत का कार्यक्रम रखा गया है. खास बात यह है कि 25 नवंबर को ही अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव कुमार का उपनयन संस्कार यानी जनेऊ भी होगा.

    दामाद को डिफेंडर, बेटे के लिए BMW की चर्चा
    शादी के तिलक समारोह में होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब 2.5 से 3 करोड़ रुपए कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी उपहार में देने की चर्चा रही. वहीं अब छोटे बेटे अभिनव कुमार के लिए करीब एक करोड़ रुपए की BMW कार को लेकर भी चर्चाएं हैं. इस तरह लाखों रसगुल्लों, करोड़ों की गाड़ियों और चार लाख मेहमानों के भोज के चलते अनंत सिंह की बेटी की शादी बिहार के सबसे चर्चित आयोजनों में शामिल हो गई है.

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved