देश भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

अब हमारे पास नीति है, नीयत है और नेता भी: जेपी नड्डा

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) (Bharatiya Janata Party (BJP)) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (National President JP Nadda) ने कहा कि आज जो भाजपा का संगठन है, उसको खड़ा करने में हमारी चार-चार पीढ़ियां खप गईं। हमारे पास पाने को कुछ नहीं था, लेकिन खोने को सब कुछ था। इसके बाद भी कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता सिंधिया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे कुशल संगठकों ने जनसंघ से लेकर भाजपा तक अपना खून-पसीना पार्टी को दिया और इसी का परिणाम है कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गया है। आज हमारे पास नीति है, नीयत है, नेता, जज्बा है, लक्ष्य है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व भी है।


भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पर आयोजित पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की वृहद बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहे। प्रदेश कार्यसमिति के शुभारंभ में वंदे मातरम गायन हुआ, जिसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया।

नड्डा ने कहा कि याद करो वह हमारी पहली पीढ़ी, जिसने जनसंघ की स्थापना के बाद कितना संघर्ष किया, दूसरी पीढ़ी में संघर्ष जारी रहा और फिर तीसरी पीढ़ी ने भाजपा को चुनावों में जीत दिलाना शुरू किया। अब हमारी चौथी पीढ़ी कहती है कि हम अब चुनाव नहीं बल्कि चुनावों को जीतेंगे। हम कार्यकर्ताओं की दम पर ही विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते हैं।

नड्डा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा कई आयामों को गढ़ रही है। हम कार्यकर्ताओं की दम पर ही विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते हैं। हम देशभर में कुशाभाऊ ठाकरे जनशताब्दी मना रहे हैं। वे हमारे संगठन के सूत्रधार रहे, संगठन की नींव रहे हैं। उनकी जनशताब्दी वर्ष को लेकर कई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।

काम करना है, लेकिन क्वालिटी का काम करना है
उन्होंने कार्यसमिति में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हम भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता हैं। हम पार्टी के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन हमें पार्टी के लिए क्वालिटी वाला काम करना है। हमारा संगठन आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और हमारे दल पर देश-दुनिया की निगाहें टिकी हुई रहती है, इसलिए हमें ऐसा कोई काम नहीं करना है, जिसके कारण हमारी पार्टी की एवं हमारे नेताओं की छवि खराब हो। हम आंकड़ों पर आधारित बात करें, हम मुद्दों पर बोलें। उन्होंने उदाहरण देते हुए समझाया कि भगवान जगन्नाथजी का रथ कौन खींचता है। सब रस्सी पकड़कर चलते हैं, लेकिन फिर भी रथ लगातार चलता रहता है। ऐसा ही भाजपा का संगठन है और हम सब रस्सी पकड़कर चल रहे हैं और हमारा संगठन लगातार आगे बढ़ रहा है, नए आयामों को गढ़ रहा है।

कई सारी पार्टियां आईसीयू में चली गई
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि भाजपा ने सेवा, सुशासन और गरीबों के कल्याण के लिए कई कार्य किए हैं। कोरोना काल में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सेवा की मिसाल कायम की। कोरोना काल में तो कई सारी पार्टियों के नेता आईसीयू में चले गए, पार्टियां वेंटीलेटर पर आ गई, ऑक्सीजन पर चली गई। उनके नेता ट्वीटर पर ही दिखते थे, फेसबुक पर ही दिखते थे, लेकिन भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपनी जानों को जोखिम में डालकर जमीन पर उतरकर सेवा के कार्य किए हैं। लोगों की मदद की है, उन्हें उनके घरों तक पहुंचाया है। सेवा हमारे रग-रग में है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 70 सालों में सिर्फ देश को बर्बाद किया है। उनके तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि वे एक रुपए केंद्र से भिजवाते हैं, लेकिन हितग्राही तक 10 पैसे ही पहुंचते हैं, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐसा नहीं होता है। अब तो सीधे बैंक खातों में राशि ट्रांसफर होती है। अब सरकारी योजनाओं में कोई भ्रष्टाचार नहीं करता है।

अब जातिवाद, वंशवाद मुद्दे नहीं होते हैं
नड्डा ने कहा कि हम चुनाव लड़ते थे, लेकिन उस समय कांग्रेस के मुद्दे जातिवाद, वंशवाद, परिवारवाद होते थे, लेकिन अब चुनावों में मुद्दे गरीब, शोषित आदिवासियों का कल्याण, उनका उत्थान हो गया है। अब मोदी है तो मुमकिन है, यह राजनीति का स्लोगन बन गया है। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री जी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री चौहान की सरकार विकास के नए आयाम गढ़ रही है। गरीबों का जीवन बदल रहे हैं, युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवा रहे हैं, बेटियों की शादी निःशुल्क की जा रही है, उनकी पढ़ाई सरकार करवा रही है। 80-90 के दशक में मध्यप्रदेश एक बीमारू राज्य की श्रेणी में आता था, लेकिन अब मध्यप्रदेश का नाम विकासशील, विकसित राज्य की श्रेणी में आता है।

नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में महाविजय दिलाने का संकल्प लें : चौहान
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने वृहद कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि जब सवा साल की कमलनाथ सरकार थी तब भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों पर बुल्डोजर चलवाया था लेकिन हमारी सरकार गुंडों, बदमाशों के घरों पर बुल्डोजर चला रही है। गुंडो और बदमाशों से छुडाई जमीनों को गरीबों में बांटने का काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि संगठन की असली परीक्षा चुनाव में होती है। पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही चुनाव का शंखनाद हो चुका है। आज कार्यसमिति से एक लक्ष्य लेकर और संकल्प लेकर जाएं कि नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में भाजपा को महाविजय दिलाकर ही हम चैन की सांस लेंगे।

नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा का विस्तार हुआ
चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी ने संगठन को नई उंचाइयां दी हैं। कोरोनाकाल में जब कांग्रेस के नेता घर में बैठकर ट्वीट करते थे, तब हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के आव्हान पर पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं ने आमजन की सेवा की। प्रवासी मजदूरों को बस और अन्य सुविधाएं देकर उन्हें घर तक पहुंचाया और मजदूरों के पैरों में जूते और चप्पल भी पहनाई। हमने तय किया है कि पार्टी के जो रूटीन के कार्य है वे कार्यकर्ताओं की परिश्रम और पसीने की कमाई से ही चलेगा। नड्डा जी के नेतृत्व में हम लगातार आगे बढ रहे है। आज भाजपा उनके नेतृत्व में दुनिया का सबसे बडा संगठन बना है।

बैठक को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यसमिति में पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने प्रदेश में संपन्न हुए बूथ विस्तारक योजना एवं समर्पण निधि अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, फग्गनसिंह कुलस्ते, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धुर्वे, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, प्रदेश के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, भूपेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष संध्या राय उपस्थित रहे। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

भाजपा अध्यक्ष नड्डा पहुंचे ससुराल, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

Thu Jun 2 , 2022
– विमानतल से संभागीय कार्यालय तक निकला रोड शो जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष (National President of Bharatiya Janata Party (BJP)) जेपी नड्डा (JP Nadda) भोपाल प्रवास के बाद बुधवार शाम को जबलपुर (Jabalpur) पहुंच गए। यहां डुमना विमानतल पहुंचने पर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह सहित पार्टी […]