
नई दिल्ली। दिग्गज चिप निर्माता एनवीडिया (Leading chipmaker Nvidia) के सीईओ जेनसन हुआंग (CEO Jensen Huang) की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उनसे जुड़े जासूसी मामले की जांच शुरू होने के बाद एनवीडिया के शेयर दो दिन में 11.64 फीसदी तक टूट गए। इससे हुआंग की संपत्ति भी करीब 16 अरब डॉलर (1.5 लाख करोड़ रुपये) घट गई। इसके साथ ही, वह अमीरों की सूची में शीर्ष 10 से बाहर हो गए। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट (Forbes Real-Time Billionaires List) के मुताबिक, एनवीडिया के शेयरों में सोमवार को गिरावट से जेनसन हुआंग की दौलत 7.4 अरब डॉलर घट गई थी और मंगलवार को भी उन्हें 8.6 अरब डॉलर का झटका लगा। इससे उनकी संपत्ति दो दिन में 162.2 अरब डॉलर से घटकर 146.3 अरब डॉलर रह गई है।
बाजार पूंजी भी 45 लाख करोड़ घटी
मंगलवार को भी एनवीडिया के शेयर गिरावट में खुले और शुरुआती कारोबार के दौरान 6.57 फीसदी टूटकर 166.96 डॉलर तक आ गए। यह शुक्रवार के 186.64 डॉलर के बंद भाव से 11.76 फीसदी नीचे है। शेयरों में भारी बिकवाली से एनवीडिया की बाजार पूंजी 480 अरब डॉलर (करीब 45 लाख करोड़ रुपये) घटकर 4.02 ट्रिलियन डॉलर रह गई, जो शुक्रवार को बाजार बंद होने पर 4.5 ट्रिलियन डॉलर रही थी। इसके साथ ही फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट में हुआंग फिसलकर 12वें स्थान पर आ गए। एलन मस्क 895.1 अरब डॉलर के साथ सूची में शीर्ष पर काबिज हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved