भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

15 महीनों तक वल्लभभवन में सिर्फ धंधा चलता रहाः ज्योतिरादित्य सिंधिया

भोपाल। कांग्रेस की सरकार ने हर वर्ग को धोखा दिया। कमलनाथ सरकार ने सत्ता में आते ही गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाएं बंद कर दी। संबल योजना बंद कर दी। तीर्थदर्शन योजना बंद कर दी। शून्य प्रतिशत ब्याज पर कर्ज देना बंद कर दिया। प्रसूता बहनों से उनके लड्डू छीन लिए, गरीबों से उनका कफन तक छीन लिया। कांग्रेस की सरकार ने गरीबों से उनका हक छीन लिया। ये चुनाव उस कांग्रेस को सबक सिखाने का चुनाव है और आप सब उसे सबक सिखाने का संकल्प लें। यह बात गुरुवार को वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिमनी, पोरसा और मेहगांव में विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह में कही।
सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा प्रदेश में एक सरकार बनी थी, जिससे लोगों को उम्मीद थी कि वह विकास की बयार लेकर आयेगी। लेकिन 15 महीनों में उस सरकार ने आपको विकास, सम्मान और आपके हक के बदले में केवल भ्रष्टाचार दिया, चंबल क्षेत्र और प्रदेश की अनदेखी की। उन 15 महीनों में वल्लभभवन में सिर्फ धंधा चल रहा था। प्रदेश में ट्रांसफर उद्योग चल रहा था। बड़े भाई और छोटे भाई की जोड़ी ने शराब माफिया, रेत माफिया को बढ़ावा दिया। वो ये मानते थे कि कांग्रेस में भ्रष्टाचार ही शिष्टाचार है। उनको विकास की, प्रगति की चिंता नहीं थी। उन्हें तो सिर्फ अपने कारोबार की चिंता थी। श्री सिंधिया ने कहा कि जो सरकार जनता के साथ धोखा करे, जनहित की योजनाओं को बंद कर दे, उसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि इस चंबल की माटी के साथ जिसने भी वादाखिलाफी की है, सिंधिया परिवार ने इस माटी को सिर पर लगाकर उसका सामना किया है। आज भी अगर इस क्षेत्र के लोगों के साथ अन्याय होगा, उपेक्षा होगी तो मैं मूकदर्शक बनकर नहीं बैठूंगा, मैं हाथों में झंडा लेकर सड़क पर उतर जाउंगा।

भाजपा की सरकार आपका भविष्य बदलना चाहती है
सिंधिया ने कहा कि एक तरफ 15 महीने वाली कांग्रेस की सरकार है, दूसरी तरफ शिवराजसिंह जी के नेतृत्व वाली 6 महीने की सरकार। कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने दिमनी और चंबल क्षेत्र के विकास के लिए एक फूटी कौड़ी नहीं दी, लेकिन भाजपा की सरकार ने 380 किमी. की चंबल एक्सप्रेस-वे परियोजना को स्वीकृति प्रदान की। भाजपा की सरकार आपका भविष्य बदलना चाहती है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए यह घोषणा की कि मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी केवल प्रदेश के नौजवानों को ही दी जाएगी। 100 करोड़ से अधिक के कार्य श्री शिवराज सिंह चौहान अपने साथ लेकर आए हैं। आने वाले समय में दिमनी में करोड़ों रूपए से अनेक विकास कार्य किए जाएंगे। सिंधिया ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री जी ने सख्त निर्देश दिये हैं कि प्रदेश में अवैध खनन रोकना ही होगा और शून्य तक लाना होगा। यह चुनाव मध्यप्रदेश का भविष्य तय करने वाला है। आपको यह तय करना है कि सत्य के साथ रहना है या भ्रष्टाचारियों और झूठों के साथ रहना है।

Share:

Next Post

संजा पर्व - मिठास का प्रतिक है जलेबी

Thu Sep 10 , 2020
उज्जैन । मलवा का प्रसिद्ध संजा पर्व पर दशमी को जलेबी जोड़ बनाई जाती है। जलेबियां मिठास का प्रतिक होती है। बुजूर्ग महिलाएं कुंवारी कन्याओं को बताती है कि ससुराल में अपनी जीव्हा पर लगाम कसने पर कड़वाहट भी मिठास में बदल जाती है। सभी से प्यार,स्नेह के साथ रहना और सभी की मदद करना […]