देश राजनीति

विपक्षी गठबंधन को लीड करे कांग्रेस : पप्पू यादव

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है विपक्षी गठबंधन में दरारें पड़ती जा रही हैं। महागठबंधन के बड़े नेताओं रघुवंश प्रसाद सिंह, उपेन्द्र कुशवाहा, शरद यादव, मुकेश साहनी की उपेक्षा हो रही है। बिहार की जनता जानना चाहती है कि आखिर वो कौन पार्टियां हैं जो विपक्षी गठबंधन को कमजोर कर रही हैं। कांग्रेस, राष्ट्रीय पार्टी है। कांग्रेस के नेताओं को अपने दल की ताकत को समझना चाहिए और बिहार में नेतृत्वकर्ता की भूमिका में आना चाहिए। मैं कांग्रेस का समर्थन करने के लिए तैयार हूं। नेतृत्व की कमान किसी अतिपिछड़ा या दलित नेता को मिलनी चाहिए। ये बातें जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहीं।

उपमुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए जाप अध्यक्ष ने कहा कि सुशील कुमार मोदी लालूफोबिया के शिकार हैं। अपने ट्वीट में सिर्फ लालू यादव की बात करते हैं। वे पिछले पांच वर्षों में किए गए अपने कार्यों का लेखा-जोखा बताएं। सृजन घोटाला, बालू माफियाओं के साथ समबन्ध और उनका भाई रियल एस्टेट का इतना बड़ा कारोबारी कैसे बना। इन सब के बारे में सुशील मोदी बिहार की जनता को बताएं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पप्पू यादव ने सवाल किया कि भूखमरी मिटाने में बिहार 27 राज्यों में 25वें स्थान पर क्यों है। 15 साल राज करने के बाद भी बिहार देश का दूसरा सबसे गरीब राज्य क्यों है। गरीबी मिटाने में बिहार 27 राज्यों में 26वें पायदान पर है। पटना देश का सबसे प्रदूषित शहर है। राज्य के 80 फीसदी सरकारी स्कूलों में शौचालय नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि संविदा कर्मियों को नियमित करने और पूर्ण वेतनमान के वादे का क्या हुआ। नीतीश कुमार ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया और फिर भी 16वां साल अब मांग रहे हैं। जब शिक्षक अपने अधिकारों की मांग करते हैं तो सोशल डिस्टेंसिंग के नाम पर केस दर्ज कर दिया जाता है। उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। यहां राष्ट्रपति शासन की जरूरत है और आगामी विधानसभा चुनाव राष्ट्रपति के देख-रेख में ही होनी चाहिए। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

दिल्ली में कोरोना कहर फिर से, लेकिन केजरीवाल को पंजाब और उत्तराखंड में जनाधार की चिंता: गुप्ता

Fri Sep 4 , 2020
नई दिल्ली। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से लगातार कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, प्रतिदिन दो हजार से ज्यादा मामले सामने आने पर दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने जनता से अपील की है कि “2 गज की दूरी, मास्क है जरूरी” का पालन जरूर करें। सावधानी बरतें और […]