भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

सत्ता पर संगठन की कसावट

  • राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने मंत्रियों से लिया एक साल का हिसाब

भोपाल। मप्र में भाजपा अपने मंत्रियों पर नकेल कसने की तैयारी कर रही है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने जमीनी स्तर से मिले फीडबैक के बाद सरकार के मंत्रियों को कार्यकर्ताओं से दूरी न रखने की नसीहत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार और संगठन के तालमेल से ही सत्ता मिली है। ये मंत्रियों को ध्यान में रखना चाहिए। अगर किसी भी जिले में प्रवास पर जाएं तो ये ध्यान रखें कि जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ताओं से जरूर मिलें। ये कहा कि मंत्री केवल अपने काम की तारीख सोशल मीडिया पर नहीं करें बल्कि दूसरे मंत्री के अच्छे कामों की भी तारीफ करें।



भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों से सवा घंटे तक बात की। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव और प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा मौजूद थे। बंद कमरे की बैठक में सुबह 10.30 बजे के बाद देरी से आने वाले मंत्रियों के लिए रजिस्टर में समय दर्ज करवाया। एक-एक मंत्री के आने का समय देखा गया। बैठक में राज्यवर्धन सिंह, गोविंद सिंह राजपूत, गोपाल भार्गव, उषा ठाकुर कुछ देरी से पहुंचे थे। उन्होंने मंत्रियों को कामकाज को लेकर सीख दी कि जीवन में समय का पाबंद होना जरूरी है। मंत्रियों को जनता के बीच अच्छी छवि बनाने के लिए नित नए नवाचार करने और अच्छे कामों पर सोशल मीडिया का उपयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि कोई कितना भी बड़ा नेता क्यों ना हो संगठन के लिए एक आम कार्यकर्ता ही है।

संगठन के लिए सभी एक आम कार्यकर्ता
पार्टी सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने मंत्रियों से कहा- कोई कितना भी बड़ा नेता क्यों ना हो, संगठन के लिए एक आम कार्यकर्ता ही है। संगठन और सरकार के साथ बेहतर तालमेल के साथ काम करें। संतोष ने मंत्रियों से पूछा- संगठन से आप लोगों की क्या अपेक्षाएं हैं? इस पर कोई मंत्री खुलकर नहीं बोला, लेकिन संतोष ने साफ तौर पर कहा दिया कि संगठन को मंत्रियों से जो अपेक्षाएं हैं। उन्हें हर हाल में एक साल में पूरा करना है। उन्होंने हर मंत्री से उनके विभाग की उपलब्धियों की जानकारी भी ली।

Share:

Next Post

सुनी सुनाई : मंगलवार 30 नवंबर 2021

Tue Nov 30 , 2021
तिहाड़ जेल पहुंचे मप्र के पूर्व मंत्री! मप्र में कुछ दिन पहले तक मंत्री पद का दर्जा प्राप्त ग्वालियर के जानेमाने ईएनटी चिकित्सक व भाजपा नेता डॉ. अमरजीत सिंह भल्ला को दिल्ली की एक अदालत ने तिहाड़ जेल भेज दिया है। आपको याद होगा लगभग दो साल पहले मप्र की कमलनाथ सरकार ने ग्वालियर में […]