
महिदपुर। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) करणदीप सिंह एवं एसडीओपी जेंडेन लिंगजेरपा के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के नेतृत्व में गठित टीम ने चार माह से फरार चल रहे आरोपी निजाम उर्फ निजामुद्दीन को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी निजाम उर्फ निजामुद्दीन पिता मोईउद्दीन शाह निवासी फकीर मोहल्ला, महिदपुर को 28 जून 2026 को कस्बा भ्रमण के दौरान 10 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2026 को आरोपी निजामुद्दीन एवं उसके तीन अन्य साथियों ने फरियादी अब्दुल वहाब उर्फ अब्दुल्ला से स्वयं को महिदपुर का ‘किंगÓ बताते हुए कथित रूप से अवैध वसूली की मांग की थी। आरोपियों ने फरियादी से सीसीटीवी कैमरों के रखरखाव के नाम पर 10 हजार रुपए की मांग की। पैसे देने से इंकार करने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट तथा पाइप से हमला कर जान से मारने की धमकी दी गई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना महिदपुर में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी निजामुद्दीन के विरुद्ध वर्ष 2012 से 2026 के बीच मारपीट, जानलेवा हमला, दंगा, जुआ-सट्टा, अवैध वसूली एवं आर्म्स एक्ट सहित कुल 21 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक पाटीदार, उपनिरीक्षक सुखसेन अरियाम, सहायक उपनिरीक्षक राधेलाल निनामा, प्रधान आरक्षक नारायणसिंह तथा पुलिस के अन्य सदस्यों की भूमिका रही।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved