
उज्जैन। दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 28 नवंबर को उज्जैन से रवाना होगी। इसके जरिए श्रद्धालुओं को 12 दिन में दो ज्योतिर्लिंग सहित तिरुपति बालाजी और दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। 11 रात और 12 दिन के इस विशेष टूर पैकेज में रामेश्वरम, मल्लिकार्जुन, श्रीकालहस्ती, मदुरै और कन्याकुमारी जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थल शामिल किए गए हैं। आईआरसीटीसी की इस यात्रा को दो ज्योतिर्लिंग सहित दक्षिण दर्शन यात्रा नाम दिया गया है।
भोजन से लेकर स्थानीय परिवहन तक की व्यवस्था
टूर पैकेज में रेल यात्रा के साथ पूरे सफर के दौरान नाश्ता, दोपहर और रात के भोजन की व्यवस्था रहेगी। संबंधित धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों तक पहुंचने के लिए स्थानीय परिवहन, घूमने और टूर प्रबंधन की सुविधा भी आईआरसीटीसी की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों का ट्रैवल इंश्योरेंस भी पैकेज में शामिल है। भारत गौरव योजना के तहत रेल किराये में लगभग 33 प्रतिशत की रियायत का लाभ भी यात्रियों को दिया जा रहा है।
इन प्रमुख स्थलों के होंगे दर्शन
यात्रा में तिरुपति के श्री वेंकटेश्वर बालाजी मंदिर, श्रीकालहस्ती का प्रसिद्ध मंदिर, रामेश्वरम का श्री रामनाथस्वामी मंदिर एवं ज्योतिर्लिंग, मदुरै का मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी के प्रमुख दर्शनीय स्थल और विवेकानंद रॉक मेमोरियल तथा श्रीशैलम का मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग शामिल हैं। रामेश्वरम चार धाम में शामिल होने के कारण श्रद्धालुओं को इस यात्रा में चार धामों में से एक धाम के दर्शन का अवसर भी मिलेगा।
प्रदेश के 8 स्टेशनों से मिलेगी सुविधा
भारत गौरव ट्रेन में केवल इंदौर ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के अन्य शहरों के श्रद्धालु भी यात्रा कर सकेंगे। ट्रेन में इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति (भोपाल), इटारसी, बैतूल और नागपुर स्टेशन से सवार होने की सुविधा रहेगी। वापसी में भी यात्री इन्हीं स्टेशनों पर उतर सकेंगे। इससे मालवा और मध्यप्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के यात्रियों को दक्षिण भारत की तीर्थयात्रा करना काफी आसान हो जाएगा।
तीन श्रेणियों में उपलब्ध है टूर पैकेज
आईआरसीटीसी ने यात्रियों की सुविधा और बजट के अनुसार तीन श्रेणियों में पैकेज निर्धारित किया है। स्लीपर श्रेणी यानी इकोनॉमी में प्रति यात्री 21,750 रुपए, थर्ड एसी यानी स्टैंडर्ड श्रेणी में 35,650 रुपए और सेकंड एसी यानी कंफर्ट श्रेणी में 47,000 रुपए किराया निर्धारित है। इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भारत गौरव ट्रेन के इस टूर पैकेज की बुकिंग करवा सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved