
लाहौर: पाकिस्तान में आतंकवादी और उग्रवादी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी से 1 अगस्त 2026 के बीच पाकिस्तान में आतंकवाद और उग्रवाद से जुड़ी 974 से ज्यादा घटनाएं दर्ज की गईं. अकेले अगस्त महीने में करीब 190 हमले हुए, जबकि सितंबर के शुरुआती पांच दिनों में करीब 15 और हमलों की जानकारी सामने आई है.
आतंकी हिंसा में आम नागरिक भी बड़ी संख्या में मारे गए हैं. 1 जनवरी से 31 अगस्त 2026 तक पाकिस्तान में आतंकवादी घटनाओं और अन्य हिंसक घटनाओं में 640 से ज्यादा नागरिकों की मौत हुई है. इसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर यानी PoK में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कार्रवाई में मारे गए लोग भी शामिल हैं.
आतंकी हिंसा में पाकिस्तान के सुरक्षा प्रतिष्ठान को भी लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है. 1 जनवरी से 4 सितंबर 2026 तक 964 से ज्यादा पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे जा चुके हैं. इस आंकड़े में 3 सितंबर को बलूचिस्तान के जियारत इलाके में मारे गए 17 फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) जवान भी शामिल हैं. वहीं, अगस्त 2026 में ही 144 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने का अनुमान है.
मौजूदा रुझान को देखते हुए अनुमान है कि अगर पाकिस्तान में आतंकवादी हिंसा इसी तरह जारी रही, तो दिसंबर 2026 तक पाकिस्तानी सैन्य और सुरक्षा प्रतिष्ठान के करीब 1600 से 1700 कर्मियों की मौत हो सकती है.
पाकिस्तान के लिए यह सुरक्षा के मोर्चे पर बड़ी चुनौती है. खासकर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बल लगातार आतंकवादी संगठनों के निशाने पर हैं. गौरतलब है कि 2025 में पाकिस्तान के सुरक्षा प्रतिष्ठान के 1,317 कर्मियों के मारे जाने का अनुमान था, जिसे 1971 के बाद सबसे खूनी वर्षों में से एक माना गया. 2026 में अब तक के आंकड़े बताते हैं कि इस साल भी पाकिस्तान के लिए आतंकवाद बड़ा सुरक्षा संकट बना हुआ है.
शुक्रवार को बलूचिस्तान के कलात जिले में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने एक ऑपरेशन चलाया. सेना के मुताबिक, इस दौरान बलूच विद्रोही गुटों से जुड़े 12 उग्रवादी मारे गए. वहीं, भाग शहर में पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने एक सशस्त्र हमले को नाकाम कर दिया, जिसमें पांच लोग घायल हुए. इन उग्रवादियों के खिलाफ खुफिया जानकारी के आधार पर ऑपरेशन चलाया गया था. भाग में उग्रवादियों ने पुलिस स्टेशन, असिस्टेंट कमिश्नर के दफ्तर और एक बैंक को निशाना बनाने की कोशिश की थी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved