देश राजनीति

भाजपा के लोग संविधान और कानून से प्रदेश नहीं चलाना चाहते – अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ऊपर लगे गम्भीर मुकदमे खुद वापस ले लिए लेकिन गरीबों पर मुकदमे लगाए जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं पर दस हजार मुकदमे लगे हैं। सरकार को किसी की परवाह नहीं।

अखिलेश यादव ने कहा कि अब सभी लोगों की नजर सपा पर है। जब समाजवादी पार्टी को काम का मौका मिला था तब ईमानदारी से काम किया था।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग संविधान और कानून से प्रदेश नहीं चलाना चाहते हैं। यहां ‘ठोक दो’ चलता है, जिसमें कौन किसको ठोक दे पता नहीं चलता है। जेल में लोग मार दिए जाते है। कोई बोलेगा तो उसकी आवाज दबाने के लिए ईडी सीबीआई लगाने लगेंगे।


उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं। हाथरस में परिवार वाले अपने सामने बेटी का दाह संस्कार करना चाहते थे पर रामराज लाने वालों ने यह नहीं होने दिया। बेटी से छेड़खानी का विरोध करने पर पिता की हत्या कर दी गई। बेटी न्याय की गुहार लगाती रही। वह रो रही है। यह काण्ड भाजपा के लिए शर्मनाक है।

अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी और अधिकारी मिलकर साजिश कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश चौपट हो जाए। इनसे ज्यादा कोई झूठा नहीं। भाजपा के रामराज में अपहरण, बलात्कार क्यों हो रहे है? मुख्यमंत्री जी का इधर ध्यान नहीं है वे बंगाल और केरल में भ्रमित करने के लिए चुनाव प्रचार में जा रहे हैं जहां की बोली-भाषा भी वे नहीं जानते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज में देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चौपट है। नौजवानों के भविष्य को खतरे में डाल दिया गया है। रोजगार उनके पास नहीं है, नहीं नौकरियां है। महंगाई चरम पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास विकास और प्रदेश की खुशहाली का कोई विजन नहीं है, उसके पास सिर्फ टेली विजन है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने कृषि सुधार के नाम पर तीन काले कानून लाकर एमएसपी खत्म कर दी। बिचौलिये खुद मुनाफे के लिए काम करते हैं वो किसान को मुनाफा नहीं दे सकते हैं। सपा सरकार ने मंडियां बनाई थी, भाजपा सरकार ने मण्डी, एमएसपी दोनों को खत्म कर किसान को बाजार के भरोसे छोड़ दिया।

उन्होंने कहा कि हम गरीबों के लिए जो घर सोलर सहित बना रहे थे, वहां किसी को बिजली का बिल नहीं देना था। समाजवादियों ने काम किया और नारा दिया था काम बोलता है। भाजपा राजनीति को विपरीत दिशा पर ले जा रही है और हमारे नारे ‘काम बोलता है’ को भी नकल कर लिया गया। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

देश की लोकतांत्रिक प्रणाली को नुकसान पहुंचा रही मोदी सरकार :राहुल गांधी

Wed Mar 3 , 2021
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश की लोकतांत्रिक प्रणाली को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार भारत की हर संस्था की स्वतंत्रता पर हमला कर लोकतांत्रित प्रणाली को नुकसान पहुंचाने का काम काम कर रही है। वहीं राहुल […]