
जबलपुर। शहर और आसपास के क्षेत्रों में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बेखौफ बदमाशों ने पिस्टल और चाकू की नोक पर पेट्रोल पंप में लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। घटना कोसमघाट स्थित श्रीराम फ्यूल स्टेशन की है, जहां 27-28 अक्टूबर की दरमियानी रात बदमाशों ने सेल्समैन को हथियारों के दम पर धमकाकर नकदी लूट ली। लूट की पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
दो बाइक से पहुंचे थे 3-4 बदमाश
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि 3 से 4 बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पेट्रोल पंप पहुंचे थे। इनमें से एक बदमाश ने लाल रंग की हुडी पहन रखी थी। पंप पर पहुंचते ही बदमाशों ने सेल्समैन को पिस्टल और चाकू दिखाकर डराया-धमकाया और उसके पास मौजूद नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।
एक ही रात में दो पेट्रोल पंपों को बनाया निशाना
सूत्रों के मुताबिक, इन्हीं बदमाशों ने एक ही रात में दूसरे पेट्रोल पंप पर भी इसी तरह हथियारों के दम पर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। लगातार दो पेट्रोल पंपों को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बदमाशों ने जिस बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम दिया, उससे पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved