
जबलपुर। हाईकोर्ट जबलपुर में प्रैक्टिस करने वाले शिव नगर निवासी अधिवक्ता राबिन जैन पर रविवार रात 12:30 बजे जानलेवा हमला किया गया। वे अपने कार्यस्थल पर मौजूद थे, तभी विजय ठाकुर ने कॉल करके उन्हें सड़क पर आने को कहा। बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए बैठे विजय ठाकुर, बिरजू, बिट्टू पांडे और 2 अन्य लड़कों ने उन्हें रोककर अवैध वसूली के तहत नकदी की मांग रखी। राबिन के पैसे देने से मना करते ही हमलावरों ने हथियारों से सिर पर प्रहार कर दिया और नीचे गिराकर डंडों तथा बेसबॉल से तब तक मारा जब तक वे बेसुध नहीं हो गए। अधिवक्ता को मरणासन्न छोड़कर पांचों हमलावर अंधेरे में भाग निकले।
साथी वकील आक्रोशित, कार्रवाई की मांग
शोरगुल सुनते ही आसपास के लोग जमा हुए और सूचना पाकर साथी वकील मौके पर पहुंचे। उन्होंने खून से लथपथ पड़े राबिन को बिना देरी किए जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनकी नाजुक स्थिति का उपचार चल रहा है। इस हिंसक वारदात से पूरे विधि जगत में गहरा असंतोष फैल गया। साथी अधिवक्ता रोहित कुरैल ने शहर की कानून-व्यवस्था पर खुला ऐतराज जताया। उन्होंने दो टूक शब्दों में अल्टीमेटम दिया कि यदि प्रशासन ने सभी नामजद तथा अज्ञात हमलावरों को फौरन गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा, तो समस्त विधि व्यवसायी लामबंद होकर कोतवाली थाने का पूर्ण घेराव करेंगे।
हिस्ट्रीशीटर है वकील के हमलावर
पीडि़त की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध विधि सम्मत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घायल पक्ष ने पुलिस अफसरों को स्पष्ट किया कि वारदात को अंजाम देने वाले शातिर किस्म के बदमाश हैं, जिन पर अलग-अलग थानों में कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved