
नई दिल्ली. डोमिनिकन रिपब्लिक (Dominican Republic) में इमरजेंसी लैंडिंग (emergency landing) के दौरान एक प्राइवेट जेट (private jet) हादसे का शिकार हो गया. ला रोमाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा विमान अचानक क्रैश हो गया, जिसमें पायलट और को-पायलट की मौत हो गई. हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विमान को क्रैश होते देखा जा सकता है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, निजी विमान में उड़ान के दौरान अचानक कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी. इसके बाद पायलट ने नजदीकी एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराने का फैसला किया. लैंडिंग की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही विमान हवा में नियंत्रण से बाहर हो गया, जिसके बाद रनवे पर गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई.
स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोग विमान के पायलट और को-पायलट थे. घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन दोनों क्रू मेंबर को नहीं बचाया जा सका. फिलहाल किसी यात्री के विमान में मौजूद होने की जानकारी सामने नहीं आई है.
अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इमरजेंसी लैंडिंग की नौबत आखिर क्यों आई. अधिकारियों ने कहा है कि हादसे की वजह पता लगाने के लिए जांच शुरू की जाएगी. इसके तहत विमान की तकनीकी स्थिति, फ्लाइट डेटा और आखिरी पलों की गतिविधियों को खंगाला जाएगा.
एविएशन अधिकारी इस बात की जांच करेंगे कि उड़ान के दौरान ऐसी कौन सी स्थिति बनी, जिसकी वजह से विमान को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. साथ ही यह भी देखा जाएगा कि लैंडिंग के दौरान आखिर क्या गड़बड़ी हुई, जिससे इतना बड़ा हादसा हो गया. फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों ने ज्यादा जानकारी मिलने के बाद अपडेट देने की बात कही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved