नई दिल्ली। सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) एक बार फिर सुर्खियों में है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Deepke) ने दावा किया है कि उनकी आधिकारिक वेबसाइट बंद कर दी गई है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र स्थित उनके घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। दीपके ने इस पूरे घटनाक्रम को तानाशाही करार दिया है।
अभिजीत दीपके के मुताबिक, उनकी वेबसाइट ‘cockroachjantaparty.org’ अब काम नहीं कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इसी वेबसाइट के जरिए करीब 10 लाख लोगों ने पार्टी से जुड़ने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था।
दीपके का कहना है कि वेबसाइट के माध्यम से लाखों लोगों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ विरोध दर्ज कराया था और नीट पेपर लीक मामले को लेकर उनके इस्तीफे की मांग की थी।
इससे पहले पार्टी का एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट भारत में बंद किए जाने की खबर सामने आई थी। वहीं दीपके ने यह भी दावा किया कि उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया।
दीपके ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार युवाओं की आवाज से घबरा गई है। उन्होंने लिखा कि “कॉकरोच कभी मरते नहीं हैं” और अब उनकी टीम नए प्लेटफॉर्म पर काम करेगी।
उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई। कई यूजर्स ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देखा, जबकि कुछ लोगों ने इसे डिजिटल अभियान का हिस्सा बताया।
महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की कि अभिजीत दीपके के घर के बाहर सुरक्षा के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर बढ़ती चर्चा और संभावित विवाद को देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार, दीपके फिलहाल अमेरिका में पढ़ाई कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कथित धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट भी साझा किए थे।
वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट बंद होने की खबर के बाद पार्टी समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली। कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी थी।
हालांकि अभिजीत दीपके ने अपने समर्थकों से शांत रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने किसी भी प्रदर्शन का आह्वान नहीं किया है और जल्दबाजी में उठाया गया कोई भी कदम पूरे आंदोलन को नुकसान पहुंचा सकता है।
दीपके ने कहा कि यह लंबी लड़ाई है और समर्थकों को सावधानी और संयम बनाए रखना चाहिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved