भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

घुटना तोड़ राजनीति पर सियासी ड्रामा

  • रामेश्वर का बंगला बना छावनी…राजभवन और मिंटो हाल सड़क की नाकेबंदी

भोपाल। मप्र की राजधानी में आज घुटना तोड़ राजनीति पर जमकर सियासी ड्रामा हो रहा है। भाजपा और कांग्रेस नेताओं का घुटना तोडऩे से शुरू हुई राजनीति के बाद आज रामधुन पर आमना-सामना होगा। हुजूर सीट से विधायक और प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा के घर रामधुन शुरू हो गई है। वहीं दिग्विजय सिंह कांग्रेस नेताओं के साथ मिंटो हॉल स्थित गांधी प्रतिमा से शर्मा के घर रामधुन करने जाएंगे। इसको देखते हुए रामेश्वर के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं राजभवन और मिंटो हाल सड़क की नाकेबंदी कर दी गई है। इससे आम और खास सभी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि हिंसा पर अहिंसा की जीत। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घुटने तोडऩे वाले भाजपा विधायक ने कांग्रेसियों के सामने घुटने टेके।


भगवा रंग से सजा युवा सदन
रामेश्वर शर्मा ने भी रामधुन करने के लिए अपने निवास युवा सदन को भगवा रंग से सजाया है। यहां झंडे, टेंट और स्वागत द्वार बनाया गया है। दिग्विजय सिंह के स्वागत के लिए तैयार द्वार पर रामधुन और जय श्री राम के नारे के साथ ही भगवान राम का चित्र है। रामधुन करने वाले रामभक्तों के लिए प्रसाद में हलवा, पूड़ी और सब्जी के प्रसाद का भी इंतजाम किया गया है। यहां सुबह से रामधुन गाई जा रही है।

गांधी टोपी पहनकर पहुंचेंगे कांग्रेसी
रामेश्वर शर्मा के बंगले पर जाने से पहले कांग्रेसियों का मिंटो हाल में जमावड़ा हुआ। यहां बड़ी संख्या में कांग्रेस पहुंच गए हैं। कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा का रामधुन यात्रा को लेकर कहना है कि शर्मा का बयान अमर्यादित होने के साथ ही हिंसा का बढ़ावा देने वाला है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अहिंसा से उसका जवाब देने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ शर्मा के बंगले पर पहुचेंगे।

मिंटो हाल से रामधुन गाते निकलेंगे कांग्रेसी
दिग्विजय सिंह कांग्रेस नेताओं के साथ मिंटो हॉल स्थित गांधी प्रतिमा को माल्यार्पण किया। इस अवसर पर जय-जय श्री राम और गांधी जी अमर रहे के नारे लगाते रहे। साथ ही रामधुन झांझ और मंजीरे बजाकर रामधुन भी गाई जा रही है। मिंटा हाल में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी दिग्विजय सिंह के साथ मौजुद हैं। खबर लिखे जाने तक कांग्रेसी मिंटो हाल में ही थे।

शर्मा के घर जाने वाले तीनों रास्ते बंद
वहीं, पुलिस ने रामेश्वर शर्मा के निवास की तरफ आने वाले तीनों रास्ते बेरिकेटिंग कर बंद किए। युवा सदन से विधानसभा की तरफ जाने वाला रास्ता, एमएलए रेस्ट हॉउस और राजभवन की तरफ आने वाले रास्ते बैरिकेडिंग लगा कर बंद किए। वहीं एडीजी स्तर के अधिकारी पूरे मामले पर नजर रखे हुए हैं। इस दौरान करीब 15 सौ कार्यकर्ता गांधी टोपी, सफेद कुर्ता-पैजामा पहनकर मिंटो हाल में एकत्रित हुए हैं। यहां से गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रामधुन गाते हुए भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के निवास मालवीय नगर युवा सदन तक पदयात्रा करते हुए जाएंगे।

Share:

Next Post

इन 6 राशि वालों के लिए बेहद शुभ रहेगा नया साल, देखें आपकी राशि तो नही यहां शामिल

Wed Nov 24 , 2021
नई दिल्‍ली। नव वर्ष 2022 के आगमन में डेढ़ महीने से भी कम समय रह गया है। हर कोई चाहता है कि उसके लिए आने वाला साल अच्छा हो। ज्योतिष (Astrology) के अनुसार, ऐसी 6 राशियों के बारे में बताया गया है कि ​जिनके लिए नव वर्ष बेहद शानदार रहने वाला है। साफ शब्दों में […]