
मंडला: प्रियंका गांधी मंडला के रामनगर में जन आक्रोश सभा को संबोधित करेंगे. उनके कार्यक्रम के लिए करीब तीन एकड़ में पंडाल बनकर तैयार हुआ है. वहीं कांग्रेस के इस कार्यक्रम में 50 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान है. प्रियंका गांधी करीब 11 बजे मंडला के चौगान पहुंचेगी. यहां से वह मांढ़िया में जाकर सबसे पहले पूजा करेंगी. इसके बाद राम नगर में पहुंचकर आम सभा को संबोधित करेंगी. प्रियंका की सुरक्षा में 1 एसपी, 9 डीएसपी सहित 472 पुलिसकर्मी तैनात किए गए है.
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 10 अक्टूबर को शहडोल जिले के ब्यौहारी में जनसभा को संबोधित किया था. वहीं अब एक दिन बाद बहन प्रियंका गांधी मंडला में चुनाव के मद्देनजर आम सभा में शामिल होने आ रही है. प्रियंका गांधी विशेष विमान से पीसीसी चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ दिल्ली से मध्यप्रदेश के जबलपुर आएंगी. यहां से वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगी.
प्रियंका का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पीसीसी चीफ कमलनाथ के साथ दिल्ली से जबलपुर के लिए 11 बजे रवाना होंगी. यहां से वह 11:15 बजे कार्यक्रम स्थल के लिए निकलेंगी और 11:45 पर मंडला पहुंचेंगी. दोपहर 12 बजे प्रियंका राम नगर में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी. कार्यक्रम के बाद दोपहर 1:15 बजे हेलीकॉप्टर से मंडला से जबलपुर के लिए निकलेंगी और करीब 1:45 पर जबलपुर पहुंचेंगी. यहां से विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी.
प्रियंका का हफ्तेभर में दूसरा दौरा
वहीं प्रियंका गांधी का एमपी में हफ्तेभर में यह दूसरा दौरा है. इससे पहले वह 5 अक्टूबर को धार जिले के मोहनखेड़ा में जनसभा में शामिल हुए थे. साथ ही प्रियंका ग्वालियर और जबलपुर में भी दौरा कर चुकी है. कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व का इस समय मध्यप्रदेश पर पूरा फोकस है और पार्टी के तमाम बड़े नेता लगातार अपनी सक्रियता बनाए हुए है. कांग्रेस का महाकौशल की 38 सीटों पर पूरा फोकस है और इस बार पार्टी हर हाल में ज्यादा से ज्यादा सीटें अपने नाम करना चाहती है.
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved