
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे देश की शिक्षा व्यवस्था को फिर से संवारने की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो साझा कर छात्रों के आंदोलन की सराहना की।
राहुल गांधी ने लिखा, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हमारी शिक्षा प्रणाली को फिर से संवारने की दिशा में बहुत बड़ा कदम है। शाबाश देश भर के छात्रों, आप सभी पर गर्व है।” उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और अपने भविष्य की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर डटकर खड़े होने वाले हर युवा और छात्र को बधाई।
राहुल गांधी ने कहा कि अभी दो मांगें बाकी हैं। उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री छात्रों और भारत के भविष्य का सम्मान करते हुए माफी मांगें। साथ ही छात्रों पर हुई हिंसा के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
राहुल गांधी ने कहा कि किसानों, मजदूरों, गरीबों और समाज के हर उस व्यक्ति, जिसे इस सरकार ने दबाया है या कुचला है, उसे अपने सम्मान के लिए संवैधानिक तरीके से डटकर खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी में असली साहस है। पोस्ट के अंत में राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, “इस सरकार को हटाने का वक्त आ गया है। डरो मत!”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved