
उज्जैन। शहर के फ्रीगंज क्षेत्र में गुरुवार देर रात करीब 3 बजे नगर निगम ने जर्जर भवन को पोकलेन मशीन से तोड़ दिया। गुरुद्वारे के सामने धनवंतरी मार्ग पर स्थित यह भवन काफी समय से जर्जर हालत में था।
भवन की स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने पहले ही भवन स्वामी मुकुल चोबले को नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद भवन को हटाने की कार्रवाई नगर निगम की टीम ने रात में की। जर्जर भवन के गिरने से किसी हादसे की आशंका थी। इसे देखते हुए निगम की टीम देर रात मौके पर पहुंची और रिमूवल गैंग की मदद से पोकलेन मशीन के जरिए भवन को हटाया। भवन पर चेतावनी संबंधी सूचना फ्लेक्स भी लगाए गए थे, ताकि लोगों को खतरे की जानकारी मिल सके। अधिकारियों ने बताया कि धनवंतरी मार्ग फ्रीगंज का प्रमुख मार्ग है। यहां दिन में आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में नगर निगम ने देर रात कार्रवाई कर रास्ते पर यातायात और लोगों की आवाजाही बाधित होने की आशंका कम करने की कोशिश की। कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद साहू, सहायक यंत्री अर्जुन राजपूत और भवन निरीक्षक आनंद परमार मौजूद थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved