
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद कहा कि AAP अब एक राजनीतिक दल से ज्यादा ‘नाराज और बदले की भावना रखने वाले पूर्व साथी’ जैसी हो गई है। राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्होंने तीन अन्य सांसदों के साथ राष्ट्रपति से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि AAP की पंजाब सरकार राज्य की मशीनरी का गलत इस्तेमाल कर रही है BJP में शामिल हुए सांसदों को निशाना बना रही है।
राघव चड्ढा ने अपनी X पोस्ट में लिखा, ‘आज सुबह मैंने 3 अन्य सांसदों के साथ भारत की राष्ट्रपति से मुलाकात की। हमने उन्हें बताया कि पंजाब की AAP सरकार सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल कर रही है और हमें हमारे संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करने पर निशाना बना रही है, क्योंकि दो-तिहाई सांसद बीजेपी में शामिल हो गए हैं। बदले की राजनीति का आरोप लगाने वाली पार्टी अब खुद वही काम कर रही है। राष्ट्रपति ने हमें भरोसा दिलाया कि संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक फैसलों का सम्मान किया जाएगा, जिससे हमें हिम्मत मिली है।’
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में चड्ढा ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार विभिन्न एजेंसियों का इस्तेमाल कर 7 पूर्व AAP सांसदों को धमका रही है। उन्होंने कहा, ‘AAP ने विजिलेंस बोर्ड और पॉल्यूशन बोर्ड के जरिए बदले की खतरनाक राजनीति शुरू कर दी है। मुझे जानकारी मिली है कि मैं उनका अगला निशाना हो सकता हूं। सोशल मीडिया पर हमें डराने के लिए एजेंसियां हायर की गई हैं और यह सब पंजाब सरकार के पैसों से किया जा रहा है।’ उन्होंने AAP पर ‘भ्रष्ट और समझौता कर चुके लोगों के हाथों में फंसी’ होने का भी आरोप लगाया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved