बड़ी खबर

किसान आंदोलन : राहुल गांधी ने शेयर की पुरानी तस्वीर, भाजपा बोली- दूसरे के कंधे पर बंदूक चलाना उनकी आदत

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक ट्वीट ने सियासी चिंगारी को फिर से हवा दे दी है। उन्होंने किसान आंदोलन की पुरानी तस्वीर ट्वीट की, जिसके बाद भाजपा उन पर हमलावर हो गई। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने उनके ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि देश में जब भी भ्रम की, झूठ की राजनीति होती है, तो राहुल गांधी का हाथ होता ही है। तस्वीर ट्वीट होने के बाद ट्रोलर्स ने भी राहुल गांधी को ट्रोल करना शुरू कर दिया है।

क्या लिखा राहुल गांधी ने
राहुल गांधी ने सोमवार को ट्विटर पर एक तस्वीर पोस्ट की। यह तस्वीर पूर्व में हुए किसान आंदोलनों की है, लेकिन राहुल गांधी ने इसे रविवार को हुई किसान महापंचायत के परिप्रेक्ष्य में ट्वीट करते हुए लिखा – डटा है। निडर है। इधर है। भारत भाग्य विधाता। 

संबित पात्रा ने किया हमला 
संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने किसान आंदोलन की पुरानी तस्वीर को ट्वीट पर उसे वर्तमान का बताया है। राहुल गांधी भली-भांति जानते हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष विहीन है, इसलिए कांग्रेस जमीन पर किसी भी विषय को उठाने में असमर्थ है। इसलिए ये झूठे फोटो के माध्यम से राजनीति करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भारत में चल रहा है, लेकिन इस बार राहुल गांधी ने एक भी ट्वीट नहीं किया।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि देश में करीब 68.75 करोड़ लोगों को वैक्सीन की एक डोज लग चुकी है। इतनी बड़ी आबादी को वैक्सीन लग जाने के बाद भी राहुल गांधी का एक भी ट्वीट नहीं आया है। बीते दो दिनों में 1 एक करोड़ से अधिक वैक्सीन लगी थीं। इसके बावजूद झूठी तस्वीर के माध्यम से भ्रम फैलाने वाले इस पर चुप रहते हैं। उन्हें परिश्रम नहीं करना है और दूसरे के कंधे पर बंदूक चलाना उनकी आदत है।

भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष अमिल मालवीय ने भी राहुल गांधी के ट्वीट के लिए उनको निशाने पर लिया। मालवीय ने लिखा, ‘महापंचायत की सफलता दिखाने के लिए राहुल गांधी को पुरानी तस्वीर का सहारा लेना पड़ा, ये दिखाता है कि किस तरह से किसानों की पंचायत में भारी भीड़ का दुष्प्रचार किया गया। जिस तरह से धार्मिक नारे लगे उससे साबित होता है कि इनका असली मकसद क्या है।’

Share:

Next Post

4 हज़ार से भी कम कीमत में लॉन्‍च हुआ Oscal का पहला स्‍मार्टफोन, जानें खूबियां

Mon Sep 6 , 2021
OSCAL टेक बाजार में प्रवेश करने जा रही है, कंपनी ने अपना पहला स्‍मार्टफोन लॉन्‍च कर दिया है जो बड़ी डिस्‍प्‍ले के साथ आता है । Oscal C20 कंपनी का बजट-फ्रेंडली स्मार्टफोन है, जो कि ठीक-ठाक स्पेसिफिकेशन से लैस है। खास बात है कि फोन का बैक पैनल डिज़ाइन iPhones से प्रेरित लगता है। यह […]