
नई दिल्ली: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने पश्चिम बंगाल (West Bengal) के दो प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर 2 मई को फिर से वोट डालने का फैसला किया है. यह कदम जिला स्तर पर मतदान केंद्र-वार रिपोर्टों और शिकायतों की जांच के बाद उठाया गया है. सभी बूथ दक्षिण 24 परगना ज़िले के अंतर्गत आते हैं.
दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों पर फिर से वोटिंग होगी. इसके अलावा, डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथों पर भी भारी शिकायतों के मद्देनजर दोबारा वोट डाले जाएंगे. चुनाव आयोग ने कहा है कि वोटिंग के दौरान मिली धांधली की शिकायतों और स्क्रूटनी के आधार पर यह फैसला लिया गया है, जिससे चुनाव की निष्पक्षता बनी रहे.
फाल्टा विधानसभा में चल रही जांच
15 बूथों पर रीपोलिंग के ऐलान के साथ ही चुनाव आयोग की नजरें अन्य क्षेत्रों पर भी टिकी हैं. निर्वाचन आयोग ने बताया कि 144-फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी शिकायतों की रिपोर्ट का अभी इंतजार किया जा रहा है. फाल्टा से रिपोर्ट मिलने के बाद वहां भी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि क्या किसी और बूथ पर दोबारा मतदान की जरूरत है. चुनाव आयोग की टीमें जिलों से आने वाली शिकायतों और मतदान केंद्रों की रिपोर्ट्स की लगातार समीक्षा कर रही हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved