
उज्जैन। नवरात्र के शुभ मुहूर्त में लोग प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करवाने के लिए तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सोमवार को सर्वर ठप होने से परेशानी खड़ी हो गई। इसके चलते दोपहर बाद रजिस्ट्री करने का काम शुरू हो सका। अब सिर्फ चार दिन ही लोगों के पास नवरात्र में रजिस्ट्री करवाने के लिए शेष हैं।
नवरात्र के शुभ मुहूर्त में लोग सिर्फ 16 अक्टूबर तक ही रजिस्ट्री करवा सकेंगे। इसके बाद 17 अक्टूबर यानी शनिवार से 20 अक्टूबर तक अवकाश होने से कार्यालय बंद रहेंगे। ऐसे में इन चार दिनों में बड़ी संख्या में रजिस्ट्री होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है दो दिन अवकाश के बाद सोमवार को पंजीयन कार्यालय सुबह 10 बजे खुल गए थे, लेकिन सर्वर ठप होने से रजिस्ट्री का काम शुरू नहीं हो सका। हालात यह थे कि न तो स्लॉट बुक हो रहे थे और न ही रजिस्ट्रियां हो पा रही थीं। ऐसे में लोग सेवा प्रदाताओं के पास परेशान होते रहे। दोपहर बाद जब सर्वर ने रफ्तार पकड़ी तो रजिस्ट्री का काम शुरू हो सका। बता दें कि महाकाल महालोक बनने और अब सिंहस्थ की तैयारियों के बीच अलग-अलग निवेश और कारोबार के लिए कई लोगों की निगाहें उज्जैन में रिक्त संपत्तियों पर है, वहीं कुछ आवासीय प्रोजेक्ट भी नए आने वाले हैं। ऐसे में संपत्ति पंजीयन का कारोबार त्यौहार के दौर में अधिक होने की संभावना है। इसके बावजूद पंजीयन कार्यालय में पंजीयन की सुविधा कम ही है।