मॉस्को। रूस और यूक्रेन (Russia-Ukraine) के बीच युद्ध को तीन साल से ज्यादा का वक्त बीत जाने के बाद अभी किसी के भी रुख में नरमी नहीं आ रही है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (President Vladimir Puti) ने शुक्रवार को कहा कि पूरा का पूरा यूक्रेन हमारा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी और रूसी लोग एक जैसे ही हैं। उन्होंने यूक्रेन के शहर सूमी पर कब्जे की बात से भी इनकार नहीं किया।
सेंट पीटर्सबर्ग में अंतरराष्ट्रीय आर्थिक मंच को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा कि रूस ने कभी भी यूक्रेन के संप्रभुता के अधिकार को खारिज नहीं किया है। हालांकि जब 1991 में यूक्रेन ने खुद को स्वतंत्र घोषित किया था तब वह एक तटस्थ देश था। उन्होंने कहा कि आज की तारीख में यूक्रेन का रुख बदल चुका है। ऐसे में रूस खुद को बचाने के लिए ही यूक्रेन में लड़ाई लड़ रहा है।
पुतिन ने कहा कि यूक्रेन में जहां भी रूसी सैनिकों के कदम पड़ते हैं वह जमीन हमारी है। बता दें कि पश्चिमी देश रूस के इस दावे को खारिज करते रहे हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी कहा कि रूस और यूक्रेन के लोग एक कभी नहीं हो सकते। पुतिन ने कहा कि रूस को सुरक्षित करने के लिए रूसी सैनिक सूमी इलाके में एक बफर जोन बना रहे हैं। इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि वही सैनिक सूमी पर नियंत्रण भी करेंगे।
यूक्रेन के साथ संघर्ष और ईरानी परमाणु प्रतिष्ठानों पर इजराइली हमलों से पश्चिम एशिया में उत्पन्न नई उथल-पुथल के बीच रूस, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप के बीच जल्द शिखर वार्ता की संभावनाओं को लेकर आशंकित है। रूसी सत्ता के केंद्र ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, ‘‘जिन मुद्दों को सुलझाने की जरूरत है, वे इतने जटिल हैं और उनमें इतनी बारीकियां हैं कि पहले विशेषज्ञ स्तर पर काम करने की जरूरत है।’’
पेसकोव ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति ट्रंप दोनों इस बात पर सहमत हैं कि इस कार्य के परिणाम को तय करने के लिए किसी न किसी बिंदु पर उनकी मुलाकात अनिवार्य और आवश्यक होगी। पेसकोव ने कहा कि दोनों नेता फोन कॉल के माध्यम से द्विपक्षीय संबंधों पर बातचीत करते रहते हैं। सेंट पीटर्सबर्ग फोरम में रूस के उप रक्षा मंत्री अलेक्जेंडर पैनकिन ने कहा कि रूस और पश्चिमी देशों के बीच संबंधों में ‘‘टकराव’’ लंबे समय तक बना रहेगा।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने चेतावनी दी है कि ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों पर इजराइल के हमले के बाद दुनिया परमाणु तबाही के कगार पर है। जखारोवा ने कहा, ‘‘हम सचमुच परमाणु आपदा से कुछ इंच की दूरी पर हैं। हमले जारी हैं। उन्हें सर्जिकल या लक्षित हमले कहा जा सकता है, लेकिन वे रेडियोधर्मी और परमाणु सामग्री रखने वाले प्रतिष्ठानों के बहुत करीब किए जा रहे हैं।’’
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved