
भोपाल। मध्यप्रदेश में युवाओं को साधने की राजनीतिक और सामाजिक कवायद के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े संगठन राष्ट्रीय मुस्लिम मंच ने मुस्लिम युवाओं के बीच अपनी गतिविधियां बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। मंच की योजना स्कूल-कॉलेजों और नई पीढ़ी यानी जेन-जी तक पहुंच बनाने, युवाओं के सम्मेलन आयोजित करने और सदस्यता अभियान चलाने की है। इस पहल को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बहस शुरू हो गई है। राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के पदाधिकारी तौफीक अहमद के अनुसार वर्तमान समय में युवाओं को सही दिशा और सकारात्मक विचारों से जोडऩा जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवा देश की नींव हैं और उनके बीच राष्ट्र, समाज और विकास से जुड़े विषयों पर संवाद होना चाहिए। इसी उद्देश्य से शैक्षणिक संस्थानों में संपर्क अभियान, बौद्धिक शिविर और अन्य गतिविधियां आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है।
मुस्लिम युवाओं को जोडऩे की रणनीति
मंच की रणनीति खासतौर पर युवा वर्ग पर केंद्रित है। इसके तहत कॉलेजों, स्कूलों और युवा संगठनों से संपर्क कर संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। संगठन का दावा है कि इसका उद्देश्य मुस्लिम युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक गतिविधियों से जोडऩा है।
विपक्ष ने साधा निशाना
इस पहल को लेकर कांग्रेस ने संघ पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विक्रम चौधरी ने आरोप लगाया कि यह युवाओं को वैचारिक रूप से प्रभावित करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, शिक्षा और सम्मान की जरूरत है, न कि ऐसे अभियान की। उन्होंने संघ की गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं को कट्टरता की ओर ले जाने के बजाय उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। मुस्लिम स्कॉलर जहीरुद्दीन शेख ने इस पहल पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुस्लिम युवा पहले से ही देश के विकास में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को किसी विशेष अभियान के जरिए जोडऩे के बजाय उनके सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह राजनीतिक उद्देश्य से की जा रही कवायद है और मुस्लिम समाज अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को अच्छी तरह समझता है।
हिंदू संगठनों ने किया स्वागत
वहीं हिंदू संगठनों ने इस पहल का समर्थन किया है। अखिल भारतीय साधु संत सन्यासी परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष अनिलानंद महाराज ने इसे सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के युवाओं को राष्ट्र और संस्कृति से जोडऩा जरूरी है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि यदि कोई संगठन मुस्लिम युवाओं के हित और विकास के लिए काम करता है तो इसका विरोध नहीं होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने लंबे समय तक मुस्लिम समाज को केवल राजनीतिक नजरिए से देखा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नई सोच और दिशा देने वाली हर पहल का स्वागत किया जाना चाहिए। फिलहाल राष्ट्रीय मुस्लिम मंच की इस पहल ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। जहां भाजपा इसे सामाजिक जुड़ाव और राष्ट्र निर्माण की कोशिश बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे वैचारिक राजनीति का हिस्सा बता रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved