
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया (West Asia) में तनाव और गैस की बढ़ती कीमतों के बीच उद्धव गुट के सांसद संजय राउत (MP Sanjay Raut) ने केंद्र सरकार (Central government) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने रुपया कमजोर होने पर चिंता जताई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) की उस पुरानी टिप्पणी को याद दिलाया, जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि “जब रुपया गिरता है तो देश की साख और प्रतिष्ठा गिरती है।” राउत ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री महंगाई की बजाय चुनावी राजनीति में व्यस्त हैं।
नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में राउत ने कहा, “अबकी बार 100 के पार… मोदी जी कहां हैं? वह पश्चिम बंगाल में हैं, ममता बनर्जी को हराने की तैयारी कर रहे हैं। मोदी जी और अमित शाह वहां ‘खेला’ करने की कोशिश कर रहे हैं और रुपये की कीमत गिर रही है। मोदी जी कहते थे कि रुपये के गिरने से देश की प्रतिष्ठा गिरती है, तो अब क्या गिर रहा है? मोदी जी, अब झोला उठाइए और चले जाइए।”
महंगाई का कारण पश्चिम एशिया संकट नहीं
संजय राउत ने महंगाई और रुपए की गिरावट के लिए पश्चिम एशिया के संकट को जिम्मेदार मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि रुपये की कमजोरी प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की शुरुआत से ही जारी है। राउत ने कहा, “सरकार चुप है और चुप ही रहेगी। जब रुपया गिरता है तो सिर्फ मुद्रा नहीं, देश की साख भी गिरती है। आज युद्ध है, लेकिन रुपए की गिरावट तब से शुरू हुई जब मोदी प्रधानमंत्री बने। पीएम अभी भी चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और रुपये की परवाह नहीं करते।”
राहुल गांधी ने भी साधा निशाना
संजय राउत से पहले लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रुपए की कमजोरी और औद्योगिक ईंधन की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए सरकार पर हमला बोला। उन्होंने भविष्य में महंगाई बढ़ने की आशंका जताई और कहा कि सरकार के पास कोई स्पष्ट आर्थिक रणनीति नहीं है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होकर 100 की ओर बढ़ रहा है और औद्योगिक ईंधन की कीमतों में तेज वृद्धि, ये सिर्फ आंकड़े नहीं, आने वाली महंगाई के संकेत हैं। मोदी सरकार के पास न दिशा है, न रणनीति, सिर्फ खोखली बयानबाजी। सवाल यह नहीं कि सरकार क्या कह रही है, बल्कि यह है कि आपकी थाली में क्या बचा है।”
गौरतलब है कि इस बयान के समय पश्चिम एशिया में तनाव और विदेशी निवेश के बाहर जाने के बीच भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 93 के स्तर को पार कर गया और नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved