मनोरंजन

Birth Anniversary: अपने अभिनय से करोड़ों दिलों पर किया राज, लेकिन अभिनेत्री ने ठुकरा दिया था दादा साहब फाल्के अवॉर्ड


डेस्क। एक दौर था, जब सुचित्रा सेन बांग्ला सिनेमा की टॉप एक्ट्रेस हुआ करती थीं, लेकिन उन्होंने हिंदी सिनेमा में भी अपनी दमदार अदाकारी से हर किसी को प्रभावित किया। बेहद कम उम्र में शादी होने के बाद भी फिल्मों में करियर की शुरुआत करने वाली सुचित्रा ने कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं। अभिनेत्री सुचित्रा सेन का जन्म छह अप्रैल 1931 में बांग्लादेश में हुआ था। 82 वर्ष की आयु में 24 दिसंबर 2013 को दिल का दौरा पड़ने से इस दिग्गज अदाकारा का निधन हो गया था। अपनी खूबसूरती और दमदार अदाकारी के चलते उन्होंने करोड़ों दिलों पर राज किया। बेहतरीन अभिनेत्री होने के साथ-साथ सुचित्रा सेन काफी स्वाभिमानी भी थीं।

महज 15 साल की उम्र में हो गई थी शादी : सुचित्रा सेन का असली नाम रोमा दासगुप्ता था। उन्हें बचपन से ही कला का शौक था और वह स्कूल के समय में नाटकों में भी हिस्सा लेती थीं। सुचित्रा का जन्म मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था और उनके दादा कवि थे। सुचित्रा की शादी महज 15 वर्ष की आयु में उद्योगपति आदिनाथ सेन के बेटे दीबानाथ सेन हो गई थी, लेकिन उनका रिश्ता नहीं चला और शादी टूट गई।

कई दिग्गज कलाकारों के साथ किया काम : सिनेमा में सुचित्रा के फिल्मी करियर की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही। उन्होंने शुरुआत बंगाली फिल्मों से की थी। सबसे पहले ‘शेष कोथाय’ नाम की फिल्म में काम किया था, लेकिन बदकिस्मती से यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज ही नहीं हो पाई। हालांकि बाद में सुचित्रा ने बंगाली सिनेमा से लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री तक के कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया और अपने अभिनय से अलग पहचान बनाई।


फिल्म देवदास से की थी हिंदी सिनेमा में शुरुआत :
सुचित्रा सेन ने हिंदी सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत विमल रॉय की फिल्म ‘देवदास’ से की थी। साल 1955 में आई इस फिल्म में वह हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार के साथ मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। इस फिल्म में पारो की भूमिका में समीक्षकों के साथ दर्शकों ने भी उन्हें बेहद पसंद किया। यहां तक कि इस फिल्म में उनके अभिनय को देखते हुए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड से नवाजा गया।

दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड लेने से इनकार : अभिनेत्री सुचित्रा सेन को उनके शानदार अभिनय के लिए दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड के लिए भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन उन्होंने यह पुरस्कार लेने से मना कर दिया। दरअसल, सुचित्रा सेन को जब इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया तो उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि मैं लाइमलाइट में फिर से आना नहीं चाहती। उन्होंने कहा, ‘अगर आप यह पुरस्कार मुझे देना ही चाहते हैं तो घर आकर दे दीजिए और वह पुरस्कार समारोह में नहीं गईं।

फिल्म फ्लॉप होने के बाद छोड़ा अभिनय : सुचित्रा सेन ने हिंदी सिनेमा में भी कई बड़ी फिल्मों में काम किया। उन्होंने अपने करियर के दौरान शानदार अभिनय और काबिलियत के बल पर करोड़ों लोगों के दिलों पर राज किया। सिनेमा में उनका करियर बहुत अच्छा चल रहा था, लेकिन उनकी फिल्म ‘प्रोनॉय पाशा’ फ्लॉप हो गई। कहा जाता है कि इस फिल्म के फ्लॉप होने से उन्हें सदमा पहुंचा और उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को अलविदा कहने का मन बना लिया। अपने निधन से पहले तकरीबन 35 साल उन्होंने मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री से दूर रहकर बिताए।

Share:

Next Post

मुकाबले में उतरने से पहले ही Shahid Kapoor का सरेंडर, ‘केजीएफ2’ का जिक्र आते ही डाल दिए हथियार

Wed Apr 6 , 2022
मुंबई। हिंदी फिल्म जगत में दक्षिण भारतीय सिनेमा का ऐसा हौव्वा खड़ा हो गया है कि हर बड़ा सितारा अब इसी धारा में बह निकलना चाहता है। सलमान खान और आमिर खान ने फिल्म ‘आरआरआर’ के प्रचार का हिस्सा बनकर खुद को धन्य समझा। शाहरुख खान भी अपनी अगली फिल्म के निर्देशक एटली के साथ […]