
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव से एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस पर भी मिली भगत और जबरन तहरीर लिखवाने का भी आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की शादी लगभग एक साल पहले 5 मई 2025 को डुमरिया गांव निवासी दिलीप चौहान के साथ हुई थी। मृतका सोनम चौहान के भाई सुनील चौहान ने बताया कि उनकी बहन अपने मायके में थी। गुरुवार को ससुराल से फोन आया कि उसे ससुराल पहुंचा दें। शुक्रवार को सोनम को उसके ससुराल पहुंचा दिया। शनिवार को बहन से फोन पर बातचीत हुई, जिसमें सब कुछ सामान्य था। लेकिन रविवार की तड़के सुबह ससुराल से फोन आया कि उनकी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में ससुराल पहुंचे। भाई सुनील चौहान ने बताया कि वहां पहुंचकर उन्होंने जो देखा, उससे उनका शक यकीन में बदल गया। सुनील ने दावा किया, मेरी बहन एक चींटी तक नहीं मार सकती, तो आत्महत्या कैसे कर सकती है? जब हम पहुंचे तो शव नीचे रखा हुआ था और गर्दन पर खून के निशान थे। मौके पर आत्महत्या जैसा कोई साक्ष्य नहीं था।
सुनील ने आरोप लगाया कि दहेज को लेकर उसे पहले भी प्रताड़ित किया जाता था, उन्होंने आशंका जताई कि ससुराल वालों ने साजिश के तहत उसे मायके से बुलवाया और फिर गला घोट कर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि नगरा पुलिस ने उनकी मर्जी के बिना अपने हिसाब से तहरीर लिखवाई। साथ ही गांव के प्रधान पर पुलिस से मिली भगत कर मामले में समझौता करने का दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में ले लिया है। उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मृतका के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, अब न्याय की मांग कर रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved