भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

शिवराज जादूगर हैं, यूपी के बाद अब मप्र में चलेगा जादू

  • सदन के अंदर और बाहर भी पांच राज्यों के चुनाव नतीजों पर चर्चा रही गर्म…कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. गोविंद सिंह ने कहा

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता का कांग्रेस ने भी लोहा मान लिया है। शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. गोविंद सिंह से जब पूछा गया तो उन्होंने तो शिवराज सिंह चौहान को जादूगर बता दिया। उन्होंने कहा शिवराज का जादू यूपी में भी चला है और यहां पर भी चल रहा है। मप्र विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन नाम बदलने के मुद्दे पर सियासत हुई। सदन के अंदर और बाहर 5 राज्यों के चुनाव नतीजों, भाजपा की जीत और कांग्रेस की हार पर चर्चा सुनाई देती रही। उसी दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान का भी जिक्र चल पड़ा। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने शिवराज को जादूगर बता दिया


जहां शिवराज ने प्रचार किया वहां भाजपा जीती
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश में कई विधान सभा सीटों के लिए पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया था। इन सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार को जीत भी मिली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ गोविंद सिंह से जब पूछा गया तो उन्होंने तो शिवराज सिंह चौहान को जादूगर बता दिया। उन्होंने कहा शिवराज का जादू यहां पर भी चल रहा है। साथ ही उन्होंने पांच राज्यों में कांग्रेस की हार पर कहा कि जनता ने जो फैसला दिया है उसे हम स्वीकार करते हैं। नेताओं से निवेदन करेंगे कि संगठन के साथ जनता को जोड़ें। कमियों को दूर करेंगे। हम हार की जिम्मेदारी लेते हैं।

मप्र में भाजपाई उत्साहित
उत्तर प्रदेश समेत देश के 4 राज्यों में भगवा लहराने के बाद मप्र में भाजपा का उत्साह बढ़ गया है। प्रदेश में 2023 में विधानसभा चुनाव है। पार्टी इसके लिए अभी से तैयारियों में जुट गई है। पार्टी चार राज्यों की जीत के माहौल को अगले साल नवंबर यानी चुनाव की तारीखों तक बनाए रखने की कोशिश करेगी। मिशन 2023 के लिए भाजपा ने पीएम नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों को आगे रख चुनाव में उतरने का ऐलान कर दिया है। उप्र, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में पार्टी की जीत के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ‘पीएम मोदी जनता के विश्वास और श्रद्धा के केंद्र बने हैं, विधानसभा चुनाव में पार्टी को शानदार जीत मिली है। सीएम शिवराज ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कहा है कि पार्टी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव में जीत के लिए प्रस्थान करेगी।

मप्र-छग और राजस्थान में भी घर बैठेगी कांग्रेस
प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि एमपी कांग्रेस के घर-घर चलो अभियान का क्रियान्वयन पांच राज्यों में बेहतर तरीके से हुआ है। पांचों राज्यों में जनता ने कांग्रेस को घर बिठा दिया है। गृह मंत्री ने कहा है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में मप्र, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस पूरी तरीके से घर में बैठी नजर आएगी। कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी 2022 के चुनाव नतीजे असर दिखाएंगे।

तो 2018 जैसा नहीं होगा मुकाबला
बहरहाल 2018 के चुनाव में कांटे के मुकाबले के बाद यह तय माना जा रहा था कि 2023 का चुनाव भी बीते चुनाव की तरह कांटे का होगा, लेकिन चार राज्यों में मिली बीजेपी की जीत और कांग्रेस को पांच राज्यों में मिली हार का असर यदि मप्र पर दिखाई देगा तो यह तय है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा का भगवा कांग्रेस के पंजे पर भारी साबित होगा।

Share:

Next Post

MP Vyapam घोटाले में हाईकोर्ट ने सात को दी अग्रिम जमानत

Sat Mar 12 , 2022
चिरायु, पीपुल्स और इंडेक्स मेडिकल कॉलेज अध्यक्षों को राहत जबलपुर। मध्य प्रदेश के चर्चित व्यापमं घोटाले में तीन प्राइवेट मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष सहित सात व्यक्तियों को हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत दी है। इन्हें सीबीआई द्वारा आरोपी बनाया गया था। हाईकोर्ट जस्टिस शील नागू तथा जस्टिस एम एस भट्टी की युगलपीठ प्रकरण में चालान पेश […]