भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

उमा से पहले शिवराज ने छेड़ा नशामुक्ति अभियान

  • प्रदेश में बनेगा जन आंदोलन, हर जिले में बनेंगे नशामुक्ति मित्र

भोपाल। प्रदेश में हाल ही में जहरीली शराब से मौतें और नई शराब नीति में ऑनलाइन शराब बेचने का निर्णय लेने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने प्रदेश में नशामुक्ति आंदोलन शुरू करने का ऐलान कर सरकार को चेतावनी दी है। उमा भारती अगले महीने 8 मार्च से नशामुक्ति अभियान शुरू करेंगी। नई शराब नीति आने से पहले और उमा भारती के अभियान से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नशामुक्ति अभियान को छेड़ दिया है। मुख्यमंत्री ने रतलाम से इसकी शुरूआत की है। जल्द ही मुख्यमंत्री नशामुक्ति अभियान को जन आंदोलन बनाने में जुटेंगे। रतलाम प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नशामुक्त् अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि जिलां में नशामुक्ति मित्र बनाए जाएं। उन्होंने जिले में चलायें जा रहे हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिये व्यापक स्तर पर प्रयास किये गये हैं। इसके तहत भारत सरकार की वेबसाइट पर नशामुक्ति की ऑनलाइन शपथ विगत 27 जनवरी को संपूर्ण जिले में 52190 नागरिकों द्वारा नशामुक्ति की ऑनलाइन शपथ ली गयी।

शिवराज के अभियान के मायने
मुख्यमंत्री के नशामुक्ति अभियान शुरू करके नशा माफिया को प्रदेश से कारोबार समेटने के संकेत दे दिए हैं। इंदौर में ड्रग्स माफिया के सिलसिले बार खुलासे के बाद मुख्यमंत्री प्रदेश भर में नशा माफिया को खत्म करने पर जोर दे रहे हैं। वे इन दिनों नगर निगम क्षेत्रों का प्रवास कर रहे हैं। हर नगर निगम क्षेत्र में शिवराज का फोकस ड्रग्स माफिया के खात्मे पर रहता है।

ड्रग्स माफिया पर कार्रवाई के लिए पुलिस फ्रीहैंड
मुख्यमंत्री ने माफिया पर कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन को फ्रीहैंड दे रखा है। खास कर नशा कारोबारियों का कॉकस खत्म करने को कहा है। साथ ही ड्रग्स माफिया को संरक्षण देने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देश दिए हैं कि माफिया पर कार्रवाई की आड़ में किसी को झूठा नहीं फंसाया जाए। ऐसा ही एक प्रकरण आने पर मंदसौर एवं नीमच जिले में कुछ पुलिस अफसरों पर कार्रवाई हो चुकी है। एक जिले के एसपी को हटाया जा चुका है।

उमा ने शिवराज को लिखा पत्र
नशामुक्ति को लेकर शुरू किए जा रहे अभियान को लेकर उमा भारती ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। पत्र में कहा है कि नई शराब नीति एवं अवैध शराब से गरीबों के घर तबाह हो रहे हैं। इस अभियान को सरकार के खिलाफ या संगठन की लाइन से हटकर चलाने से बचने के लिए उमा भारती ने गांधीजी के अभियान का भी पत्र में उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा- गांंधीजी की कल्पना में आजाद भारत में शराबबंदी भी थी। लेकिन इस देश में अभी तक जो प्रयास हुए हैं, वह सरकारी या राजनीतिक की बजाय सामाजिक रूप से ज्यादा सफल हुए हैं। उन्होंने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से कहा है कि 8 मार्च को एक बार फिर अभियान को लेकर विचार विमर्श होगा। इस संबंध में आपसे (शिवराज) के साथ भी बात करते रहेंगे।

Share:

Next Post

आज के दिन करें ये उपाय, माता लक्ष्‍मी का बना रहेगा आर्शीवाद

Fri Feb 5 , 2021
आज का दिन शुक्रवार है और शुक्र ग्रह शुक्रवार के स्वामी हैं। इस ग्रह की राजसी प्रकृति है। ये धन, खुशी और प्रजनन का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसका प्रतीक जीवनसंगी, प्रेम, विवाह, विलासिता, समृद्धि, सुख, सभी वाहनों, कला, नृत्य, संगीत, अभिनय, जुनून और काम को माना गया है। अगर व्यक्ति के जीवन पर शुक्र का […]