
जैसलमेर। राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर से सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक संदिग्ध एजेंट को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दुकान चला रहा था और कथित रूप से सीमा पर होने वाली सुरक्षा बलो की गतिविधियों एवं मूवमेंट से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नाचना थाना क्षेत्र के खारिया गांव स्थित हिगोला की ढाणी निवासी मुस्ताक अली पुत्र नबी बख्श के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि वह पिछले करीब 2 सालों से पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में था और संवेदनशील जानकारियां शेयर कर रहा था।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद निगरानी बढ़ाई गई। जांच के दौरान संदिग्ध के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी कितने समय से इस गतिविधि में शामिल था और उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय एवं राज्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता भी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।
बता दें कि देश की केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े संदिग्ध आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है यह ऑपरेशन उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत चार राज्यों में लगातार जारी है। सूत्रों के मुताबिक, बिहार से भी ISI से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को हिरासत में लिया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved