इंदौर न्यूज़ (Indore News)

निगम में अफसरों की कमी, झोनल और अन्य अधिकारियों को सौंपे भवन अधिकारियों के काम

इंदौर। शहर के पांच झोनों पर भवन अधिकारी नहीं थे, जिसके चलते महीनों से वहां नक्शा स्वीकृित के मामले अटके पड़े थे और बड़ी संख्या में लोगों की शिकायतें निगम कमिश्नर तक पहुंची थीं। इसके चलते कल झोनल अधिकारियों और अन्य अधिकारियों को पांच झोनों में भवन अधिकारियों का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।

पूर्व में विभिन्न कारणों के चलते भवन अधिकारी अश्विन जनवदे, देवकीनंदन वर्मा और कुछ अन्य अधिकारियों को भवन अधिकारी पद से हटा दिया गया था, जिसके बाद से पांच झोनों में नक्शा स्वीकृति और उससे संबंधित कई काम पेंडिंग पड़े थे। कर्ई लोगों ने महीनों से नक्शे पास नहीं होने की शिकायतें आला अधिकारियों को की थीं। वहीं दूसरी ओर अवैध निर्माणों के प्रकरणों पर भी कार्रवई नहीं हो पा रही थी। कल निगमायुक्त हर्षिका सिंह ने इसी के चलते निगम अधिकारी शांतिलाल यादव, सुधीर गुलवे, पीएस कुशवाह, अनूप गोयल, देवीस कोठारी को झोन क्रमांक 12, 14, 15, 17, 18 के भवन अधिकारियों का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा है। नगर निगम में अफसरों की कमी के चलते कई अधिकारियों को चार से पांच विभागों के काम सौंपे गए हैं। वहीं उपायुक्त स्तर पर भी अधिकारियों की कमी होने के चलते कई काम प्रभावित हो रहे हैं।


अधिकारियों की तैनाती के लिए कई बार शासन को पत्र
नगर निगम में अफसरों की कमी के चलते कई कामकाज न केवल प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि कई योजनाएं भी अटकी पड़ी हैं। नक्शा स्वीकृति के लिए निगम के पास भवन अधिकारियों का टोटा है तो वहीं योजना शाखा से लेकर जनकार्य विभाग तक में कई अधिकारियों को चार-चार जिम्मेदारियां दी गई हैं। वर्तमान में ही स्मार्ट सिटी के कई अधिकारियों को निगम की भी कई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। निगम ने कुछ महीनों पहले ही नगरीय प्रशासन विभाग को पत्र लिखकर इंदौर में अफसरों की कमी का हवाला देते हुए यहां कई पदस्थापनाएं किए जाने की बात कही थी।

Share:

Next Post

एबी रोड पर वारदात, टैंकर चालक से लूट के प्रयास में गला रेता

Wed Nov 1 , 2023
इंदौर। एबी रोड से गुजर रहे एक टैंकर चालक से लूट के प्रयास में बदमाशों ने गला रेतकर हत्या करने का प्रयास किया। चालक की हालत गंभीर है। मानपुर पुलिस ने बताया कि एबी रोड ग्राम कांकरिया चौधरी के ढाबे के पास से गुजर रहे टैंकर के चालक सतीश पिता चंदरसिंह यादव निवासी आदर्श मेघदूत […]