बड़ी खबर

हेलीकॉप्टर उड़ाने का प्रशिक्षण लेने भारत आये नाइजीरियाई सेना के छह पायलट

नई दिल्ली। भारत और नाइजीरिया के बीच रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के मकसद से छह नाइजीरियाई सेना विमानन अधिकारियों को हेलीकॉप्टर उड़ाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम चरण का प्रशिक्षण लेने के लिए नाइजीरियाई सेना के छह अधिकारी भारत पहुंचे हैं जिन्हें हिन्दुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने सोमवार को औपचारिक रूप से रोटरी विंग अकादमी में शामिल कर लिया।

एचएएल और नाइजीरिया सेना के बीच 06 अधिकारियों को हेलीकॉप्टर उड़ाने का प्रशिक्षण देने के लिए 24 अप्रैल को एक समझौते पर वर्चुअली हस्ताक्षर किये गए थे। भारत और नाइजीरिया के बीच रक्षा निर्यात को बढ़ावा देने के लिए यह समझौता किया गया था। इससे पहले इसी साल भारतीय सेना की चार सदस्यीय टीम ने नाइजीरिया में नाइजीरियाई सेना के 200 जवानों को ‘गुरिल्ला युद्ध’ का तीन महीने प्रशिक्षण दिया है। भारतीय सेना के अधिकारियों का कहना है कि सेना की मोबाइल प्रशिक्षण टीम के चार सदस्यों ने नाइजीरिया की पैदल सेना और विशेष बलों के 200 सैनिकों के लिए नाइजीरिया में आतंकवाद निरोधी प्रशिक्षण शिविर लगाया। इस टीम ने गुरिल्ला युद्ध की बारीकियों पर नाइजीरियाई सेना के सैनिकों को प्रशिक्षित किया।

नाइजीरियाई सेना (एनए) नाइजीरियाई सशस्त्र बलों का सबसे बड़ा घटक है और भूमि युद्ध संचालन के लिए जिम्मेदार है। नाइजीरियाई सेना परिषद (एनएसी) द्वारा शासित नाइजीरियाई सशस्त्र बलों में सेना, वायु सेना और नौसेना है। नाइजीरियाई सशस्त्र बल की स्थापना रॉयल वेस्ट अफ्रीकन फ्रंटियर फोर्स के रूप में हुई थी। 1956 में रॉयल वेस्ट अफ्रीकन फ्रंटियर फोर्स के नाइजीरिया रेजिमेंट को नाइजीरियाई सैन्य बलों का नाम दिया गया था। इसके बाद अप्रैल, 1958 में नाइजीरिया की औपनिवेशिक सरकार ने नाइजीरियाई सैन्य बलों के ब्रिटिश युद्ध कार्यालय पर नियंत्रण कर लिया। इसके बाद 1960 में स्वतंत्रता प्राप्त होने पर नाइजीरियन सशस्त्र बल का गठन किया गया।

भारत और नाइजीरिया के बीच रक्षा निर्यात को बढ़ावा देने के लिए सरकार के दृष्टिकोण को देखते हुए नाइजीरियाई सेना के 06 अधिकारियों को प्रथम चरण का हेलीकॉप्टर उड़ान का प्रशिक्षण देने के लिए हिन्दुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड की ओर से हेलीकॉप्टर डिविजन के महाप्रबंधक बीके त्रिपाठी ने और नाइजीरियाई सेना के मेजर जनरल ओएफ अजिनता ने अनुबंध पर हस्ताक्षर किये थे। इसी अनुबंध के आधार पर प्रथम चरण का प्रशिक्षण लेने के लिए नाइजीरियाई सेना के छह अधिकारी भारत पहुंचे हैं जिन्हें एचएएल ने सोमवार को औपचारिक रूप से रोटरी विंग अकादमी में शामिल कर लिया। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

Realme GT Master Edition फोन जल्‍द होगा लॉन्‍च, कीमत, फीचर्स व डिजाइन लीक

Tue Jul 6 , 2021
Realme GT Master Edition की कीमत, स्पेसिफिकेशन और डिज़ाइन की जानकारी कुछ लीक रेंडर्स के जरिए सामने आई है। यह स्मार्टफोन तीन फिनिश में आ सकते हैं, जिसमें फॉक्स लैदर बैक के साथ यूनिक पैटर्न शामिल है। इसके अलावा, स्मार्टफोन में सेल्फी के लिए होल-पंच कटआउट, ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप और प्रीमियम लुक शामिल है। […]