देश राजनीति

उप्र में गेम चेंजर बनेगी सपा, अपने संकल्प पत्र को भूल गई भाजपा: अखिलेश

मीरजापुर। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी उत्तर प्रदेश में गेम चेंजर साबित होगी। हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं। इसीलिए मण्डलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर कार्यकर्ताओं को भाजपा का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार कर रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि डीजल और पेट्रोल के मूल्यों में वृद्धि से देश में महंगाई बढ़ रही है। मध्य वर्ग महंगाई की मार से परेशान है। यह सरकार किसानों के हक को भी छीनने जा रही है। नये कृषि कानून किसानों के लिए डेथ वारंट साबित होंगे। विभिन्न चुनावों में संकल्प पत्र जारी करने वाली भाजपा अपने संकल्प पत्र को भी भूल गयी है।

इससे पहले सपा अध्यक्ष ने चुनार के अदलपुरा स्थित शीतला मंदिर और सक्तेशगढ़ पहुंच कर स्वामी अड़गड़ानन्द से भी आशीर्वाद लिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति निर्णायक दौर में पहुंच गयी है। प्रदेश की मदद से पहली बार भाजपा ने केंद्र में गठबंधन की सरकार बनायी। इसके बाद अब पूर्ण बहुमत की सरकार चला रही है, लेकिन अब सपा भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।


उन्होंने कहा कि प्रदेश के अगड़े, पिछड़े, गरीब, दलित और अल्पसंख्यक सभी सपा की तरफ देख रहे हैं। सपा इसीलिए मण्डलों में प्रशिक्षण शिविर लगाकर कार्यकर्ताओं को तैयार कर रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार का सूपड़ा साफ होने जा रहा है। भाजपा ने पांच वर्षों में कोई कार्य नहीं किया। सपा के शासन में कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण कर रही है।

उन्होंने कहा कि मिर्जापुर के विजयपुर पहाड़ी पर स्थित सोलर प्लांट सपा के शासन में स्वीकृत हुआ था। प्रदेश में इन्वेस्ट करने के लिए पांच लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए, कुछ भी नहीं मिला। डिफेंस कॉरिडोर भी हवा-हवाई साबित हुआ। यह सरकार केवल सपने दिखा रही है। डीजल और पेट्रोल के दामों में वृद्धि से महंगाई बढ़ी है। किसानों का धान लूट लिया गया। किसी को एमएसपी नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद बोला है कि पांच लाख दो हजार करोड़ जुटाने के लिए सरकारी कम्पनियों की परिसम्पत्ति बेचनी ही होगी। आखिर ऐसा क्यों किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की भाषा भी किसी योगी की भाषा जैसी नहीं है। लोकतंत्र के मंदिर में अपशब्द बोला जा रहा है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

पश्चिम बंगाल में भाजपा बड़ी जीत हासिल करेगी : नंदकिशोर यादव

Sat Feb 27 , 2021
पटना। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा बड़ी जीत हासिल करेगी। बंगाल में इस बार परिवर्तन की लहर चल रही है। लोग हिंसा की राजनीति करने वालों को सबक सिखाने के मूड में हैं। पूर्व मंत्री यादव ने कहा कि अपनी सियासी जमीन […]