
श्रीनगर. श्रीनगर एयरपोर्ट (Srinagar airport) पर इंडिगो के एक विमान (IndiGo flight) के साथ मामूली हादसा (accident) हुआ है. नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 पार्किंग के दौरान एयरपोर्ट पर लगे एक पोल से टकरा (hits pole) गई. यह घटना शुक्रवार को करीब सुबह 9:02 बजे हुई. राहत की बात यह है कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं. अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
इंडिगो की तरफ से जारी जानकारी के मुताबिक, विमान वीटी-एनओजी को श्रीनगर एयरपोर्ट के बे नंबर 06 पर पार्क किया जा रहा था. इसी दौरान विमान वीडीजीएस यानी विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम के पोल के संपर्क में आ गया. घटना के बाद विमान में मौजूद यात्रियों और क्रू मेंबर्स को मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित बाहर उतारा गया.
पार्किंग के दौरान हुआ हादसा
एयरलाइन के मुताबिक, यह घटना विमान के पार्किंग के दौरान हुई. शुरुआती तौर पर विमान के पोल से संपर्क में आने की जानकारी सामने आई है, लेकिन इस घटना की सही वजह अभी साफ नहीं हुई है. अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की जाएगी.
इंडिगो ने कहा है कि घटना के कारणों और इससे जुड़े हालात की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारी करेंगे. जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आएगी. फिलहाल घटना के कारण को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है.
एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन सामान्य
हादसे के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य बताया गया है. एयरपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट्स की आवाजाही अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है. यात्रियों और एयरपोर्ट से जुड़े सभी लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सामान्य संचालन जारी रखा गया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved