
उज्जैन। सरकारी स्कूलों में ई-अटेंडेंस को लेकर लोक शिक्षण विभाग ने नियमों को कड़ा कर दिया है। वेतन रुकने और कटने के डर से प्रदेश के 95 प्रतिशत से अधिक शिक्षक अब तक हमारे शिक्षक ऐप पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने लगे थे, लेकिन अब विभाग ने समय-सीमा का नया बंधन लागू कर दिया है, जिससे शिक्षकों में भारी असंतोष देखने को मिल रहा है।
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार शिक्षकों को स्कूल पहुँचते ही सुबह 10.15 बजे तक एप पर ई-अटेंडेंस के जरिए लॉग-इन करना होगा। इसके बाद कम से कम छह घंटे यानी शाम 4.15 बजे के बाद ही वे लॉग-आउट कर सकेंगे। शिक्षकों के लाग-इन और लॉग-आउट का पूरा डेटा दो से तीन दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा। शिक्षक स्कूलों में पहुँचकर सुबह नौ बजे से 10.30 तक लाग इन कर सकते है, लेकिन निर्देशानुसार उन्हें 10.30 तक लॉग इन करना होगा। इसके साथ ही 4.30 बजे के बाद नौ बजे तक संस्था से लॉग आउट कर सकते हैं लेकिन पिछले चार दिन से एप में डीपीआई स्तर से टाइम टेबल में बदलाव किए जा रहे हैं। इस वजह से शिक्षकों को लॉग इन व लॉग आउट करने में परेशानी आ रही है। शिक्षकों का कहना है कि स्कूल में छह घंटे समय देना परेशानी नहीं, बल्कि नियम है लेकिन शिक्षकों को परेशानी अक्सर लॉग इन व लॉग आउट करने में होती है, क्योंकि स्कूल पहुँचने पर जब एप में लॉग इन करते हैं तो सर्वर ही गायब हो जाते हैं। यही हालत लॉग आउट करते समय होती है। ऐसे में शिक्षकों का ध्यान पढ़ाने में कम लॉग इन और लॉग आउट पर बना रहता है। इसके साथ ही कई इलाकों में तो नेटवर्क की समस्या रहती है। ऐसे में यहां के शिक्षकों को अधिक परेशानी होती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved