इंदौर न्यूज़ (Indore News)

कैदियों में कुष्ठ रोग के लक्षण खोजने के लिए सर्वे

  • सेंट्रल जेल में दो दिन के दौरान एक हजार बंदियों की जांच

इन्दौर। जेल में बंद कैदियों में कुष्ठ रोग के लक्षण जांचने के लिए दो दिनों से सेंट्रल जेल में कैदियों का सर्वे कर उनकी जांच की जा रही है, ताकि रोग के लक्षण मिलने पर उनका उपचार किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग की टीम इसके लिए लगी हुई है। सेंट्रल जेल में इस समय ढाई हजार कैदी सजा काट रहे हैं। पिछले दिनों मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश पर कैदियों में पनप रही गंभीर बीमारी का पता लगाने के उद्देश्य से हेल्थ कैंप लगाया गया था, जिसमें अलग-अलग बीमारियों की जांच की गई थी। जेल अधीक्षक अलका सोनकर के मुताबिक दो दिनों से जेल में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन के तहत कैदियों में कुष्ठ रोग के लक्षण जांचने के लिए सर्वे किया जा रहा है। 15 मार्च तक यह अभियान चलाया जाएगा। पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा कैदियों की जांच की जा रही है।


अब तक 95 महिला बंदी सहित 1000 से ज्यादा कैदियों की जांच की गई, जिनमें 15 पुरुष तथा आठ महिलाओं में लक्षण मिले हैं। इसके अलावा चर्म रोग के मरीज भी मिले हैं। मुख्य स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया है। जिला जेल में भी इस तरह का सर्वे कर कैदियों की जांच की जाएगी। सेंट्रल जेल में पिछले दिनों कैदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था। इस दौरान कई गंभीर बीमारियों का पता लगा था। जांच में एड्स के आठ, टीबी के 13, मनोरोग के 35, शुगर के 75, कैंसर के 10 तथा हाइपरटेंशन के 240 मरीज मिले थे, जिनका जेल में उपचार चल रहा है।

Share:

Next Post

खदानों में विस्फोट, घरों की दीवारें चटकी

Wed Mar 13 , 2024
रहवासियों ने कलेक्टर से की शिकायत, कालोनाइजरों की शिकायतें भी पहुंचीं इंदौर। खदानों में हो रहे अमानक स्तर के ब्लास्ट क्षेत्र के रहवासियों के घरों में दरारें ला रहे हैं। उज्जैन रोड पर पहाड़ों में बारूद बिछाकर खनन किया जा रहा है। दिनभर होने वाले ब्लास्ट से बुजुर्गों और बच्चों की स्थिति खतरनाक होती जा […]