
रायगंज। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घुसपैठ के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है। सीएम अधिकारी ने कहा कि जिस रास्ते से बांग्लादेश से आए हो, उसी रास्ते से वापस भेजूंगा। जेल में रखकर जेल का चावल नहीं खिलाऊंगा। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को वापस भेजने से पहले होल्डिंग स्टेशन में रखा जाएगा।
उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि गायों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए, क्योंकि हिंदू उन्हें पवित्र मानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, ”कोई भी गौ माता पर हाथ न उठाए। कोई भी गौ माता को नुकसान न पहुंचाए। मैं यह स्पष्ट कर रहा हूं। अगर ऐसा होता है, तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा।”
अधिकारी ने ”अलगाववादी समूहों” को भी निशाना बनाते हुए कहा, ”कश्मीर मांगे आजादी” जैसे नारे लगाने वालों को सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय रहने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ और ‘कॉकरोच’ को अपना दायरा बढ़ाने का मौका नहीं मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सीएए के तहत हिंदू शरणार्थियों को नागरिकता देने के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वह यह सुनिश्चित करेंगे कि समुदाय का एक भी शरणार्थी जेल न जाए। उन्होंने उन लोगों से तुरंत नागरिकता के लिए आवेदन करने का आग्रह किया, जिन्होंने अभी तक ऐसा नहीं किया है।
बांग्लादेश की सीमा से लगे जिले में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ”मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि यहां एक भी हिंदू शरणार्थी जेल न जाए। उन्हें रिहा कराने और सीएए के तहत नागरिकता देने के लिए तुरंत कानूनी कदम उठाए जाएंगे।” राज्य के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ”इन इलाकों में कोई भी अवैध मदरसा नहीं होना चाहिए, ताकि राष्ट्रविरोधी गतिविधियां न हों।”
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि आने वाले दिनों में अस्पताल की सूरत बदल दी जाएगी। रायगंज में AIIMS के लिए केंद्र सरकार को जल्द प्रस्ताव भेजा जाएगा। जलपाईगुड़ी में कैंसर अस्पताल बनाया जाएगा। वहीं, पुलिस व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि अब सड़क पर पुलिस लोगों के आगे हाथ नहीं फैलाती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved