भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

तानसेन सम्मान से सम्मानित होंगे पं. सतीश व्यास, जानिए किसको मिलेगा राजा मानसिंह तोमर सम्मान

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन द्वारा हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में स्थापित राष्ट्रीय तानसेन सम्मान वर्ष 2020 विख्यात सन्तूर वादक पण्डित सतीश व्यास को प्रदान किया जायेगा। इसी प्रकार संस्कृति के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं को प्रदान किया जाने वाला राष्ट्रीय राजा मानसिंह तोमर सम्मान अभिनव कला परिषद संस्था, भोपाल को प्रदान किया जायेगा।

जनसम्पर्क अधिकारी सुनीता दुबे ने गुरुवार शाम को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि तानसेन सम्मान के अन्तर्गत पण्डित सतीश व्यास को दो लाख रुपये की आयकरमुक्त राशि, सम्मान पट्टिका, शाल व श्रीफल प्रदान किए जायेंगे। इसी प्रकार राजा मानसिंह तोमर सम्मान के अन्तर्गत संस्था को एक लाख रुपये की आयकरमुक्त राशि, सम्मान पट्टिका, शाल व श्रीफल प्रदान किए जायेंगे। 

गौरतलब है कि तानसेन सम्मान से सम्मानित होने वाले कलाकार पण्डित सतीश व्यास यशस्वी संगीतज्ञ हैं जिनके परिवार में शास्त्रीय संगीत की गहरी परम्परा रही है। उनके पिता पण्डित सीआर व्यास एक गुणी गायक थे, जिनको 1999 में इसी सम्मान से सम्मानित किया गया था। देश-विदेश में अनेक प्रतिष्ठित संगीत सभाओं में आपके सन्तूर वादन को सराहा गया है। इसी प्रकार अभिनव कला परिषद संस्था भोपाल में बावन वर्षो से सक्रिय एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक संस्था है जिसने हजारो कलाकारों को मंच और सम्मान देने का काम निष्ठापूर्वक किया। इस संस्था ने संस्कृतिकर्मी और तवला वादक पण्डित सुरेश तातेड़ के सधन परिश्रम से अपना बड़ा स्थान बनाया था।

इन सम्मानों का चयन सम्मान के लिए गठित चयन समिति द्वारा सर्वसम्मत निर्णय के आधार पर किया गया। तानसेन सम्मान जूरी में शोभा चौधरी, कल्पना झोकरकर एवं पण्डित बलवंत पुराणिक थे, जबकि राजा मानसिंह तोमर सम्मान जूरी में राजीव वर्मा, अभिषेक निगम और रासबिहारी शरण शामिल थे।

पण्डित सतीश व्यास और अभिनव कला परिषद को 26 दिसम्बर को ग्वालियर में तानसेन संगीत समारोह के शुभारंभ अवसर पर इस सम्मान से विभूषित किया जायेगा। इसी के साथ पाँच दिवसीय तानसेन संगीत समारोह आरम्भ होगा जिसमें देश-विदेश के प्रतिष्ठित कलाकारों की भागीदारी हो रही है।

Share:

Next Post

मप्र के हिस्‍सों में बादल छाने के साथ पड़ सकती है हल्की बौछारें

Fri Dec 25 , 2020
भोपाल।  हवा का रुख उत्तरी होने से राजधानी भोपाल सहित मध्य प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में ठंड बरकरार है। शुक्रवार को क्रिसमस की सुबह भी ठिठुरन भरी ठंड के साथ हुई। छुट्टी का दिन होने की वजह से लोग सुबह देर तक रजाई और कंबल में दुबके रहे। उधर, गुरुवार दोपहर बाद ही हवा का […]