
कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से सरकारी स्कूल की गरिमा पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक प्राइमरी स्कूल में तैनात एक शिक्षक और एक महिला सहायक अध्यापिका का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है. बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद लोग संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
वायरल वीडियो में विद्यालय के एक कमरे के भीतर शिक्षक और महिला सहायक अध्यापिका कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि शिक्षक की पत्नी को पहले से अपने पति पर शक था. इसी वजह से उसने कथित तौर पर किसी की मदद से स्कूल परिसर में एक हिडन कैमरा लगवाया, जिसमें यह वीडियो रिकॉर्ड हुआ.
आरोपी शिक्षक की पत्नी ने आरोप लगाया कि वह औरैया जिले में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं. शादी के कुछ महीने बाद ही पति की गतिविधियों पर शक होने लगा था. उनके अनुसार, पति ने पहले उनके मोबाइल से कई सबूत मिटा दिए, जिसके बाद वह लगातार सबूत जुटाने की कोशिश करती रहीं.
पत्नी का दावा है कि स्कूल में पति की गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद गुपचुप तरीके से स्कूल के जंगले में हिडन कैमरा लगवाया. उनके मुताबिक, उनके पास ऐसे करीब 250 से अधिक वीडियो हैं. पत्नी ने कहा कि वो चाहती थीं कि पति अपनी हरकतों से बाज आ जाए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. उन्होंने प्रशासन से पति को केवल निलंबित करने के बजाय सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है.
घटना के बाद महिला सहायक अध्यापिका का पति भी विद्यालय पहुंचा. उसने बताया कि वर्ष 2013 में उसकी शादी हुई थी. उस समय उसकी पत्नी नौकरी में नहीं थी. उसने पत्नी की पढ़ाई में पूरा सहयोग किया, ताकि वह सरकारी नौकरी हासिल कर सके.
उसका आरोप है कि नौकरी मिलने के बाद पत्नी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया. विरोध करने पर उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कराए गए और घरेलू हिंसा सहित विभिन्न आरोप लगाकर उसे परेशान किया गया. उसने भी शिक्षा विभाग से महिला शिक्षिका को सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है.
विद्यालय के सहायक अध्यापक अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि विद्यालय में हिडन कैमरा कब और किसने लगाया. उन्होंने बताया कि संबंधित शिक्षक वर्ष 2018 से और महिला सहायक अध्यापिका वर्ष 2020 से विद्यालय में तैनात हैं.
बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है. इसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि विद्यालय परिसर में बिना किसी की जानकारी के हिडन कैमरा कैसे लगाया गया.
वीडियो वायरल होने के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है. कई अभिभावक विद्यालय पहुंचे और बच्चों के नाम कटवाने की बात कही. उनका कहना है कि इस घटना से स्कूल का माहौल खराब हुआ है और इसका बच्चों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved