
जबलपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के गरिमामयी अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति के आगमन को ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाने वाले नगर निगम के अधिकारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुरस्कृत किया गया है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने गरिमामयी कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार और जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत की उपस्थिति में यह सम्मान प्रदान किया। उत्कृष्ट और अनुकरणीय कार्य करने के लिए नगर निगम के अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चैहान और अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महाआयोजन पर महामहिम राष्ट्रपति का आगमन हुआ था। बेहद कम समय में शहर की सुव्यवस्था, सुरक्षा मानकों, सौंदर्यकरण और प्रोटोकॉल के तहत की गई उत्कृष्ट तैयारियों में इन अधिकारियों ने दिन-रात एक कर दिया था। प्रशासनिक तालमेल और बेहतरीन टीम मैनेजमेंट के कारण ही इतने बड़े स्तर का वीवीआईपी इवेंट बिना किसी बाधा के अत्यंत गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जब जिम्मेदारी बड़ी हो, तो हौसला और समर्पण भी बड़ा होना चाहिए। नगर निगम की पूरी टीम ने महामहिम राष्ट्रपति के आगमन पर जो तत्परता और निष्ठा दिखाई, वह वाकई काबिल-ए-तारीफ है। यह पुरस्कार उनके इसी सेवा भाव का सम्मान है। इस सम्मान से न केवल पुरस्कृत अधिकारी गदगद हैं, बल्कि नगर निगम के समस्त कर्मचारियों में ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार हुआ है। कर्तव्यनिष्ठा को मिला यह सम्मान भविष्य में भी शहर के विकास और शासकीय आयोजनों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी टीम को प्रेरित करेगा।