
नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली (New Delhi) से सामने आई जानकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना (IAF) का एक तेजस हल्का लड़ाकू विमान (Tejas fighter jet) 7 फरवरी को एक फ्रंटलाइन एयरबेस पर लैंडिंग (landing) के दौरान रनवे से आगे निकल गया। प्रारंभिक आशंका ब्रेक फेल होने की जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, विमान के एयरफ्रेम को गंभीर क्षति पहुंची, हालांकि पायलट ने समय रहते इजेक्ट कर अपनी जान बचा ली। बताया जा रहा है कि विमान प्रशिक्षण उड़ान पूरी कर बेस पर लौट रहा था। इस घटना पर अब तक वायुसेना की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
डिलीवरी में देरी के बीच नया झटका
यह ताजा हादसा ऐसे समय हुआ है जब तेजस बनाने वाली कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) पहले से ही तेजस Mk-1A की आपूर्ति में देरी को लेकर दबाव में है। फरवरी 2021 में रक्षा मंत्रालय ने HAL के साथ 83 तेजस Mk-1A विमानों की खरीद के लिए 48,000 करोड़ रुपये का करार किया था। इसके बाद सितंबर 2025 में 97 और तेजस Mk-1A विमानों की खरीद के लिए 62,370 करोड़ रुपये का दूसरा समझौता हुआ। डिलीवरी में देरी का मुख्य कारण अमेरिकी कंपनी द्वारा इंजन आपूर्ति में समयसीमा का पालन न करना बताया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved