भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

राजधानी के तापमान में जारी रहेगा उतार-चढ़ाव

भोपाल। मकर संक्रांति के बाद दिन बड़े होने के साथ ही जहां अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है, वहीं हवाओं का रुख बदलने से रात में भी तापमान में बढऩे लगा है। हालांकि वर्तमान में तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला सिर्फ दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश में ही देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी चार दिन तक मौसम का मिजाज इस तरह बने रहने की संभावना है। इससे बाद एक बार फिर बादल छाने की संभावना दिख रही है। इससे दिन के तापमान में गिरावट होगी और रात में तापमान बढऩे लगेगा। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में पश्चिमी मध्य प्रदेश में हवा का रुख दक्षिण-पूर्वी और दक्षिणी हो रहा है। इस वजह से इंदौर, भोपाल, होशंगाबाद संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान बढ़ रहे हैं। हालांकि शाम को कुछ समय के लिए हवा का रुख उत्तरी होने से वातावरण में सिहरन बरकरार है। अभी दो दिन तक रात के तापमान में और बढ़ोतरी होगी। उधर मध्य प्रदेश के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में हवा का रुख अभी उत्तरी बना हुआ है। इस वजह से वहां न्यूनतम तापमान में अधिक बढ़ोतरी दर्ज नहीं हो रही है। शुक्ला के मुताबिक 18 जनवरी को उत्तर-पूर्वी मानसून विदा हो जाएगा। इसके बाद पूर्वी हवाओं का दखल कम हो जाएगा। साथ ही हवा का रुख एक बार फिर उत्तरी होने की संभावना है। इससे न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट का सिलसिला शुरू होगा। इसके बाद 22 जनवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत पहुंचने की संभावना है। इसके बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। वातावरण में नमी बढऩे से बादल छा सकते हैं। इससे दिन के तापमान में तो गिरावट होगी, लेकिन रात में तापमान में इजाफा होने लगेगा।

Share:

Next Post

नए साल में भेल के 5500 कर्मचारियों को अब तक नहीं मिला उपहार

Sun Jan 17 , 2021
भोपाल। देश की महारत्न कंपनियों में शुमार भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) कोरोना काल में आई आर्थिक मंदी के झटके से अब तक नहीं उबर पाई है। यह संस्थान बीते 60 साल से परंपरानुसार अपने कर्मचारियों को नए साल पर एक उपहार देता है। 1500 से 2000 रूपए की कीमत का प्रति कर्मचारी के हिसाब […]