भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

आज शाम से राजधानी में दिखने लगेगा असर

  • बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र

भोपाल। मानसून की बेरुखी के चलते शहर भीषण गर्मी का सामना कर रहा है। वातावरण में काफी नमी मौजूद है। गुरुवार को सुबह से धूप निकलने के कारण उमस बढ़ गई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक तापमान बढऩे के कारण दोपहर के बाद राजधानी में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। उधर पिछले 24 घंटों के दौरान गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक इंदौर में 32.8, बैतूल में सात, मंडला में 2.2, जबलपुर में 1.4, धार में 1.2, सागर में 1.2, नर्मदापुरम में 0.6, खंडवा में 0.6 मिलीमीटर वर्षा हुई। मलाजखंड में बूंदाबांदी हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक मानसून ट्रफ हिमालय से नीचे आ गया है। वर्तमान में मानसून ट्रफ बाड़मेर, कोटा, जबलपुर, अंबिकापुर, बालासोर से लेकर बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में बना चक्रवात भी गुरुवार को कम दबाव के क्षेत्र के रूप में परिवर्तित हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि इन दो मौसम प्रणालियों के असर से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है।



बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने लगी है। इसके चलते गुरुवार को जबलपुर, नर्मदापुरम एवं इंदौर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा होने का सिलसिला शुरू हो सकता है। साथ ही प्रदेश के शेष जिलों में भी तापमान बढऩे की स्थिति में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। राजधानी में भी वातावरण में नमी मौजूद रहने और धूप निकलने के कारण उमस बढ़ गई है। इससे लोग पसीने से लथपथ हो रहे हैं। तापमान बढऩे के कारण दोपहर के बाद शहर में कहीं-कहीं गरज-चमक की स्थिति बनने के साथ हल्की वर्षा भी हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के आगे बढऩे से रविवार को शहर में झमाझम वर्षा होने की भी संभावना है।

मानसून ट्रफ लाइन पहुंची गुना व कोटा
मानसून ट्रफ लाइन हिमालय की तराई में थी, जिसकी वजह से मानसून ब्रेक आ गया था। बंगाल की खाड़ी के सक्रिय होने से मानसून ट्रफ लाइन भी सामान्य स्थिति में आ गई। बुधवार को ट्रफ लाइन गुना-कोटा होते हुए गुजर रही है। इसके सामान्य स्थिति में आने से बंगाल की खाड़ी से नमी आना शुरू होगी। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र चक्रवातीय घेरे के साथ सक्रिय है। इसके आगे बढऩे पर बादल छाएंगे और वर्षा की संभावना बढ़ेगी। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी।

Share:

Next Post

नागदा सोलर प्लांट लेने लगा मूर्तरूप

Fri Sep 9 , 2022
एक हजार बीघा पर 480 करोड़ से लगेंगे 100 मेगावॉट के प्लांट, इच्छुक आवेदक 8 को पहुंचेंगे नागदा भोपाल। नागदा में अधिग्रहीत एनटीपीसी की एक हजार बीघा जमीन पर 480 करोड़ रुपए की लागत से 100 मेगावॉट का सोलर पार्क स्थापित करने की योजना को मूर्तरूप देने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 16 सितंबर […]