img-fluid

रात को आने वाली फ्लाइट सुबह तक नहीं पहुंची इंदौर

January 17, 2025

  • इंदौर में कोहरे के कारण विमान को अहमदाबाद डायवर्ट किया, इंदौर से जाने वाली फ्लाइट को भी किया निरस्त
  • यात्रियों का अहमदाबाद एयरपोर्ट पर हंगामा, अहमदाबाद से दोपहर 12.30 बजे निकलने की बात कही

इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर कोलकाता से आने और जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कल रात को आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की कोलकाता फ्लाइट देरी होने के चलते कोहरे का शिकार हो गई और उसे अहमदाबाद डायवर्ट कर दिया था। बाद में मौसम ठीक होने पर कंपनी के पास पायलट की व्यवस्था नहीं हो पाई। अब दोपहर 12.30 बजे इसे अहमदाबाद से निकालने की बात कही जा रही है। इससे परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया। उधर, विमान के न आने पर इंदौर से कोलकाता जाने वाली फ्लाइट को भी निरस्त कर दिया गया।

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (आईएक्स-2643/2644) शाम 6.30 बजे कोलकाता से रवाना होकर 8.40 बजे इंदौर पहुंचती है और रात 9.10 बजे वापस कोलकाता जाती है। विमान में सवार यात्री राहुल दवे ने बताया कि कल यह विमान कोलकाता से रात 10.30 बजे रवाना हुआ। रात करीब 12.30 बजे जब ये इंदौर पहुंचा तो यहां घना कोहरा था। पायलट ने एक बार विमान को लैंड करवाने की कोशिश भी की, लेकिन कोहरे के चलते विमान को उतार नहीं सका।


कुछ देर हवा में चक्कर लगाने के बाद विमान को डायवर्ट कर अहमदाबाद ले जाया गया। यहां यात्रियों को बताया कि मौसम ठीक होने पर विमान को इंदौर ले जाया जाएगा, लेकिन इस बीच विमान के दोनों पायलट का फ्लाइंग टाइम पूरा हो जाने के कारण वे चले गए और यात्रियों को बताया कि विमान को सुबह 10.30 बजे इंदौर ले जाया जाएगा। इस पर यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। यात्रियों को विमान से उतारकर लाउंज में और कुछ को होटल में शिफ्ट किया गया। राहुल ने बताया कि सुबह भी पायलट की समय पर व्यवस्था न हो पाने के चलते कहा गया कि विमान दोपहर 12.30 बजे इंदौर जाएगा। इससे परेशान यात्रियों ने सुबह भी अहमदाबाद एयरपोर्ट पर हंगामा किया।

फ्लाइट निरस्त होने से हंगामा
कोलकाता से आने के बाद यह विमान रात को वापस कोलकाता जाता है, लेकिन रात को फ्लाइट के लेट आने की बात कही गई और फिर कहा गया कि फ्लाइट अहमदाबाद चली गई है। इस पर इंदौर एयरपोर्ट पर कोलकाता जाने के लिए पहुंचे यात्रियों ने भी जमकर हंगामा किया। कंपनी ने उन्हें भी सुबह भेजने का आश्वासन देते हुए शांत किया।

Share:

नागा साधुओं का अखाड़ा शब्द कहां से निकला, मुगल काल से है कनेक्शन

Fri Jan 17 , 2025
डेस्क: महाकुंभ या कुंभ में सबसे पहले स्नान के लिए साधुओं की एक टोली आती है. शरीर पर धुनि और राख लिपटी हुई होती है. माथे पर टीका. कुछ दिगंबर होते हैं तो कुछ श्रीदिगंबर. यानि कुछ बिना कपड़ों के होते हैं तो कुछ ने बस छोटा सा लंगोट पहना होता है. उनके स्नान करने […]
सम्बंधित ख़बरें
खरी-खरी
सोमवार का राशिफल
मनोरंजन
अभी-अभी
Archives

©2025 Agnibaan , All Rights Reserved