img-fluid

निजी बस ऑपरेटरों की दादागिरी होगी खत्म, जनता को मिलेगी सुविधा

September 11, 2026

  • आज से इंदौर में दो दिवसीय परिवहन समिट, मुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद, बस सेवा के नए लोगो सहित एक्सपो का होगा उद्घाटन, जल्द दौड़ेंगी सरकारी नियंत्रण में बसें
  • परिवहन आयुक्त मनीष सिंह ने कल रात इंदौर पहुंचकर तैयारियों को दिया अंतिम रूप
  • रोडवेज की तर्ज पर प्रदेश में फिर शुरू होगी सरकारी नियंत्रण में परिवहन सेवा
  • इंदौर में सिटी बसों के साथ अंतरराज्यीय सेवा जल्द होगी शुरू
  • एक राज्य-एक यात्रा के साथ एकीकृत टिकटिंग और स्वचलित किराया संग्रहण प्रणाली
  • देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कम्पनियों के साथ ऑइल कॉर्पोरेशन भी शामिल

इंदौर। रोडवेज को बंद हुए सालों हो गए और प्रदेशभर में निजी बस ऑपरेटरों द्वारा ही परिवहन सेवा दी जा रही है, जिसमें आए दिन ऑपरेटरों की दादागीरी, मनमानी, अधिक किराया वसूली से लेकर असुरक्षित यात्रा करवाने, जिसके चलते कई भीषण दुर्घटनाएं भी हो चुकी है की शिकायतें सामने आती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आम जनता को सुगम, आधुनिक और बेहतर बस सेवा उपलब्ध करवाने के लिए योजना तैयार करवाई और अब जल्द ही इंदौर संभाग में ये बसें दौड़ने लगेगी। आज और कल दो दिवसीय यात्री परिवहन विजन समिट का आयोजन भी ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में किया गया है, जिसमें आज 11 बजे मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। कल रात इस पूरी योजना को अमल में लाने वाले परिवहन सचिव मनीष सिंह ने समिट की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

बीते एक साल से इस परिवहन सेवा की तैयारी चल रही है। जनसम्पर्क आयुक्त और परिवहन सचिव सिंह इस पूरी परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटे रहे और अब उस पर मैदानी अमल शुरू होना है। इसी कड़ी में इंदौर में दो दिवसीय समिट का आयोजन भी किया गया है, जिसमें निजी बस ऑपरेटर, नीति निर्माता, परिवहन विशेषज्ञ, देशभर के राज्य परिवहन उपक्रमों, आईटी कम्पनियों, ऑटो मोबाइल और उद्योग जगत के प्रतिनिधि एक ही मंच पर मौजूद रहेंगे और मध्यप्रदेश की यात्री परिवहन सेवा को कैसे अधिक से अधिक प्रभावी बनाने और भविष्य की जरूरत के अनुरूप रणनीति और सुझाव भी दिए जाएंगे। सिंह ने कल रात इंदौर पहुंचकर समिट की तैयारियों को देखा और आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस समिट का शुभारंभ आज करेंगे और परिवहन तथा स्कूल शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह और मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि रोडवेज बंद होने के बाद प्रदेश के कई मार्गों, खासकर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में बस सेवा का लाभ आम जनता को नहीं मिल पाता, जिसके चलते उन्हें ट्रैक्टर ट्रॉली से लेकर अन्य वाहनों में यात्रा करना पड़ती है और आए दिन सड़क दुर्घटनाएं भी होती है और इसके अलावा निजी बस ऑपरेटरों की दादागिरी, मनमानी से लेकर अधिक किराया वसूली जैसी शिकायतें भी आती है।


  • इसके निराकरण के लिए आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण अनुकुल सार्वजनिक यात्री परिवहन सुविधा अब प्रदेश के नागरिकों को मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव समिट के दौरान इंडस्ट्री एक्सपो का उद्घाटन करेंगे। एक्सपो में बस निर्माताओं, आईटी कंपनियों, वित्तीय संस्थानों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े अन्य उद्योगों के साथ प्रदेश के विभिन्न शासकीय निगमों द्वारा अपनी गतिविधियों, तकनीकी समाधानों और नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे परिवहन क्षेत्र में निवेश, तकनीक और नई साझेदारियों की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। समिट में ईलेट्स टेक्नोमीडिया द्वारा संकलित समिट की स्मारिका का विमोचन किया जाएगा, साथ ही एमपीवायपीआईएल द्वारा ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवाÓ की संरचना और योजना के अंतर्गत भविष्य में किए जाने वाले कार्यों पर केन्द्रित विशेष पुस्तिका का भी विमोचन भी होगा। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित एमपीवायपीआईएल के नए लोगो का अनावरण भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही परिवहन क्षेत्र में नवाचार और तकनीकी समाधान विकसित करने वाले मोबिलिटी स्टार्ट-अप्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित हैकाथॉन का शुभारंभ भी होगा।

    समिट में होने वाले विचार-विमर्श और विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर प्रदेश की यात्री परिवहन व्यवस्था को तकनीक-सक्षम, सुरक्षित, सुविधाजनक और टिकाऊ बनाने की दिशा में आगे की कार्ययोजना को आकार दिया जाएगा। समिट में देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निजी बस ऑपरेटर, पूरे देश के राज्य परिवहन उपक्रमों, आईटी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे और प्रदेश की सार्वजनिक यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सरल, सुगम, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की रणनीति बनाएंगे। साथ ही अपने सुझाव भी देंगे। परिवहन समिट में 8 सत्र होंगे। इन सत्रों के माध्यम से यात्री परिवहन को सुगम, सुरक्षित, स्मार्ट और प्रदूषणमुक्त बनाने, एमपी मोबिलिटी विजन-2030 के तहत पीपीपी मॉडल से निवेश, रोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने, वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बस संचालन, यात्री सुरक्षा, ग्रीन मोबिलिटी, स्वच्छ ईंधन, एकीकृत टिकटिंग, स्वचालित किराया संग्रह प्रणाली विषयों पर चर्चा होगी। समिट में ईकेए मोबिलिटी, टाटा मोटर्स, ग्रीनसेल मोबिलिटी, वोल्वो-आयशर प्राइवेट लिमिटेड, स्विच मोबिलिटी (हिंदुजा ग्रुप), एयरो ईगल ऑटोमोबाइल, यश टेक्नोलॉजीज, रैपिडो, चलो मोबिलिटी, एमनेक्स इन्फोटेक्नोलॉजीज, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, एसबीआई, थिंक गैस जैसी प्रमुख कंपनियां सहभागिता करेंगी। इसके अलावा विभिन्न शिक्षण संस्थानों, थिंक टैंक एवं कंसल्टेंसी एजेंसियों के परिवहन विशेषज्ञ भी समिट में अपने अनुभव और सुझाव साझा करेंगे।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved